IndusInd Bank MD & CEO Resign: इंडसइंड बैंक के प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) सुमंत कठपालिया ने मंगलवार को तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया।उन्होंने वित्त वर्ष 2024-25 में लेखांकन चूक के कारण बैंक को 1,960 करोड़ रुपये का नुकसान होने के मद्देनजर इस्तीफा दिया।
इंडसइंड बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि उसके प्रबंध निदेशक और सीईओ कठपालिया ने 29 अप्रैल, 2025 को अपने पत्र के माध्यम से बैंक से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा 29 अप्रैल, 2025 को कामकाजी घंटों के खत्म होने के बाद से प्रभावी है।
शेयर बाजार को दी जानकारी के मुताबिक बोर्ड ने अंतरिम अवधि के लिए बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए एक 'कार्यकारी समिति' गठित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से मंजूरी मांगी है।यह समिति बैंक द्वारा एक स्थायी सीईओ की नियुक्ति करने तक काम देखेगी।
इससे पहले निजी क्षेत्र के इंडसइंड बैंक के उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुण खुराना ने इस्तीफा दे दिया था। खुराना बैंक के 'ट्रेजरी फ्रंट ऑफिस' के कामकाज की देखरेख करते थे, जहां लेनदेन निष्पादित करने और जोखिम प्रबंधन के लिए बाहरी ग्राहकों और बाजारों के साथ सीधे संपर्क किया जाता है।
खुराना ने सोमवार को बैंक के निदेशक मंडल को भेजे अपने त्यागपत्र में कहा, 'हाल के दुर्भाग्यपूर्ण घटनाक्रमों को देखते हुए मैं तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देता हूं।' उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण घटनाक्रमों के तहत आंतरिक वायदा एवं विकल्प सौदों के लिए गलत लेखांकन के चलते बैंक को हुए नुकसान का जिक्र किया।
