Sahara Refund Portal by Ministry of Cooperation : अगर आपका पैसा भी Sahara Group की सहकारी समितियों में फंसा है, तो आपके लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने सहारा रिफंड पोर्टल को दोबारा शुरू कर दिया है। इसके साथ करीब 20 लाख पेंडिंग रिफंड क्लेम की जांच और प्रोसेसिंग फिर शुरू होगी। सहकारिता मंत्रालय के मुताबिक अब तक करीब 42 लाख जमाकर्ताओं को ₹9,267 करोड़ वापस किए जा चुके हैं। यह पैसा सीधे जमाकर्ताओं के आधार सीडेड बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया है।
सहारा के जमाकर्ताओं को बड़ी राहत
पेंडिंग क्लेम की फिर शुरू होगी प्रोसेसिंग
केंद्रीय सहकारिता समिति रजिस्ट्राट यानी CRCS के तहत सरकार ने सहारा रिफंड पोर्टल को बहाल किया गया है। इसका मकसद उन वास्तविक जमाकर्ताओं के लंबित दावों का सत्यापन करना है, जिनके क्लेम अभी तक पूरे नहीं हो पाए हैं। रिफंड की यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस होगी। इसमें जमाकर्ताओं को अपने क्लेम की जांच निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए ही पूरी करनी होगी।
चार समितियों के जमाकर्ताओं को फायदा
यह रिफंड प्रक्रिया चार सहकारिता समितियों से जुड़े जमाकर्ताओं के लिए है। इनमें सहारा क्रेडिट कॉपरेटिव सोसायटी, सहारायन यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसायटी, हमारा इंडिया क्रेडिट कॉपरेटिव सोसायटी और स्टार मल्टीपर्पज कॉपरेटिव सोसायटी शामिल हैं।
आधार ई केवाईसी से होगी क्लेम की जांच
रिफंड सिस्टम में सबसे अहम बात वेरिफिकेशन की है। क्लेम को प्रॉसेस करने से पहले Aadhaar e-KYC के जरिए जमाकर्ता की पहचान की जाएगी। इसके साथ जमाकर्ता की जानकारी, सदस्यता से जुड़ी जानकारी और बैंक खाते की डिटेल का सोसायटी के रिकॉर्ड से मिलान किया जाएगा।
यानी सिर्फ पोर्टल पर क्लेम सबमिट कर देने से रिफंड नहीं मिलेगा। इसके लिए पहले निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत दस्तावेज और रिकॉर्ड वेरिफाई कराने होंगे। Sahara Refund Portal को पहली बार July 2023 में लॉन्च किया गया था। इसका मकसद सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक पात्र जमाकर्ताओं को पैसे वापस करने की प्रक्रिया को आसान बनाना है।
कौन सा है आधिकारिक पोर्टल?
सरकार ने जमाकर्ताओं को सलाह दी है कि वे रिफंड के लिए सिर्फ आधिकारिक CRCS-Sahara Refund Portal का इस्तेमाल करें। नया क्लेम जमा करने के लिए mocrefund.crcs.gov.in का इस्तेमाल करें। वहीं, पहले से सबमिट क्लेम में किसी तरह की गलती सुधारने या रिसबमिशन के लिए mocresubmit.crcs.gov.in का इस्तेमाल करें।
फर्जी एजेंट और अनधिकृत चैनलों से रहें सावधान
सरकार ने जमाकर्ताओं को फर्जी और अनधिकृत चैनलों से से सावधान रहने को कहा है। रिफंड के नाम पर किसी अनधिकृत व्यक्ति या माध्यम से संपर्क करने के बजाय सिर्फ ऑफिशियल पोर्टल का ही इस्तेमाल करें।
