McKinsey Unique Job Cut Approach: मैनेजमेंट कंसल्टिंग फर्म मैकेंजी कंपनी छोड़ने के इच्छुक कर्मचारियों को शानदार ऑफर दे रही है। कंपनी नौकरी छोड़ने की कोशिश करने वाले स्टॉफ को करियर कोचिंग सर्विस और नौ महीने तक की सैलरी ऑफर कर रही है। द टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मैकेंजी के यूके ऑफिस में मैनेजर कस्टमर प्रोजेक्ट पर काम करने की बजाय नौकरी तलाश करने के लिए 9 महीने का समय ले सकते हैं। खास बात यह है कि इस 9 महीने की अवधि के दौरान उन्हें कंपनी की तरफ से सैलरी मिलती रहेगी। साथ ही कर्मचारियों को मैकेंजी की सुविधाएं और करियर कोचिंग की सर्विस भी मिलती रहेगी। हालांकि, नई नौकरी खोजने में असफल होने पर भी कर्मचारियों को 9 महीने के बाद नौकरी छोड़नी होगी।
अमेरिकी ऑफिस में भी चर्चा
रिपोर्ट के अनुसार, यह ऑफर कथित तौर पर मैकेंजी के अमेरिकी ऑफिस में भी मैनेजरों के लिए बढ़ाया गया है, लेकिन प्रस्तावित वेतन की अवधि अलग-अलग हो सकती है। हालांकि, मैकेंजी ने द टाइम्स द्वारा रिपोर्ट की गई इस ऑफर की पुष्टि नहीं की है। एक प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी अपने कर्मचारियों को लीडर के रूप में तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, चाहे वे मैकेंजी में रहें या कहीं और अपना करियर बनाएं। प्रवक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि ये एक्शन सहायक तरीके से अपने मैनजमेंट प्रदर्शन और डेवलपमेंट एप्रोच को बेहतर बनाने के मैकेंजी के प्रयासों का हिस्सा है।
वर्कफोर्स में कटौती की कोशिश
हालांकि, यह पहली बार नही है, जब मैकेंजी ने अपने वर्कफोर्स में कटौती की कोशिश की है। कंपनी इंडस्ट्री की चुनौतियों के बीच अपने वर्कफोर्स को कम करने की तैयारी में है। पिछले साल, इस दिग्गज कंपनी ने लगभग 1,400 नौकरियों में कटौती करने की योजना की घोषणा की थी, जो उसके कर्मचारियों की संख्या का लगभग 3 फीसदी था।
खराब परफॉर्मेंस रेटिंग
फरवरी में ब्लूमबर्ग ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया था कि मैकेंजी ने 3,000 कर्मचारियों को खराब परफॉर्मेंस रेटिंग दी है। कर्मचारियों को अपने प्रदर्शन में सुधार करने के लिए लगभग तीन महीने का समय दिया गया था या उन्हें कंपनी छोड़ने की सलाह दी गई थी। हाल ही में, मैकेंजी ने वरिष्ठ कर्मचारियों को सूचित किया था कि उनके पास प्रमोशन हासिल करने के लिए लगभग ढाई साल का समय है, जिससे कर्मचारियों पर अपने करियर में आगे बढ़ने या कहीं और अवसर तलाशने का दबाव बढ़ गया है।
