Senxex Top Companies Market Cap: सेंसेक्स की टॉप 10 में से 8 कंपनियों के मार्केट कैप में पिछले हफ्ते 82,169.3 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। सबसे ज्यादा फायदा एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी को हुआ। बताते चलें कि पिछले हफ्ते मंगलवार (4 अप्रैल) को महावीर जयंती और शुक्रवार (7 अप्रैल) को गुड फ्राइडे के मौके पर बाजार बंद था। हालांकि, बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 841.45 अंक यानी 1.42 प्रतिशत चढ़ गया।
Sensex की टॉप 10 में से 8 कंपनियों का मार्केट कैप चढ़ा, HDFC Bank और HDFC को हुआ सबसे ज्यादा फायदा
कौन-सी 8 कंपनियों को हुआ फायदा
सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी और आईटीसी सहित 8 कंपनियों के मार्केट कैप में बढ़ोतरी देखने को मिली है। बताते चलें कि पिछले हफ्ते एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 31,553.45 करोड़ रुपये बढ़कर 9,29,752.54 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज का भी मोटा फायदा
एचडीएफसी बैंक के अलावा एचडीएफसी के मार्केट कैप में भी 18,877.55 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और ये 5,00,878.67 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारती एयरटेल का मार्केट कैप 9,533.48 करोड़ रुपये बढ़कर 4,27,111.07 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 6,731.76 करोड़ रुपये बढ़कर 15,83,824.42 करोड़ रुपये पर और टीसीएस का 5,817.89 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 11,78,836.58 करोड़ रुपये हो गया।
आईटीसी और एसबीआई का मार्केट कैप भी चढ़ा
आईटीसी का बाजार मूल्यांकन 4,722.65 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 4,81,274.99 करोड़ रुपये और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का मार्केट कैप 3,792.96 करोड़ रुपये के फायदे के बाद 4,71,174.89 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन 1,139.56 करोड़ रुपये बढ़कर 6,02,341.22 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
इन्फोसिस और आईसीआईसीआई बैंक रहीं घाटे में
हालांकि, इन्फोसिस का मार्केट कैप 2,323.2 करोड़ रुपये घटकर 5,89,966.72 करोड़ रुपये हो गया। इसके साथ ही आईसीआईसीआई बैंक का पूंजीकरण भी 1,780.62 करोड़ रुपये के नुकसान से 6,10,751.98 करोड़ रुपये पर आ गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का दबदबा बरकरार
टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज अभी भी पहले स्थान पर ही है। रिलायंस के बाद टीसीएस दूसरे, एचडीएफसी बैंक तीसरे, आईसीआईसीआई बैंक चौथे, हिंदुस्तान यूनिलीवर 5वें, इन्फोसिस छठें, एचडीएफसी 7वें, आईटीसी 8वें, एसबीआई 9वें और भारती एयरटेल 10वें स्थान पर रहे।
भाषा इनपुट्स के साथ
