Malabar Gold & Diamonds: देश के जाने-माने ज्वैलरी विक्रेता मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स ने शुक्रवार को बताया कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 'मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स' के नाम से खुला एक नकली शोरूम कानूनी लड़ाई के बाद बंद कर दिया गया है। मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स ने बताया कि उसका पाकिस्तान में कोई शोरूम नहीं है। कंपनी ने बयान में कहा कि उसने पाकिस्तान के मुहम्मद फैजान के खिलाफ वहां मुकदमा दर्ज कराया था। उसने इस्लामाबाद में ज्वैलरी की दुकान खोलकर ‘मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स’ के नाम का गलत तरीके से इस्तेमाल किया था।
पाकिस्तान में मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स के नाम का गलत तरीके से इस्तेमाल किया था
फैजान ने सिर्फ नाम का ही नहीं ब्रांड एम्बेसडर का भी किया था गलत पहचान
मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स ने कहा कि फैजान ने उनके ब्रांड के नाम और अन्य पहचान चिह्नों का उपयोग करने के अलावा पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर भी इसी ब्रांड नाम, ब्रांड एम्बेसडर और उत्पाद की तस्वीरों का उपयोग किया था। कंपनी ने अपने एक बयान में कहा, “ब्रांड ने पाकिस्तान में एक दीवानी मुकदमा दर्ज किया था, जिसके बाद अदालत ने ब्रांड नाम के अवैध उपयोग पर तत्काल रोक लगाने का आदेश दिया।”
आरोपी ने कोर्ट के आदेश का पालन करने से भी कर दिया था इनकार
अदालत ने मालाबार गोल्ड एंड डायमंड नाम के सभी साइन बोर्ड उतारने और ब्रांड नाम व अन्य प्रतीक चिह्नों का उपयोग बंद करने का आदेश दे दिया। आरोपी ने जब अदालत के आदेश का पालन करने से इनकार कर दिया तो कंपनी ने न्यायालय की अवमानना की याचिका दायर कर दी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया। बताते चलें कि मालाबार गोल्ड एंड डायमंड्स की पश्चिम एशिया, सुदूर पूर्व, अमेरिका और भारत में 317 खुदरा दुकानें हैं।
पीटीआई इनपुट्स के साथ
