Kisan Credit Card : भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) ने किसान क्रेडिट कार्ड योजना (KCC Scheme) के नियमों में अहम बदलाव किए हैं। इन बदलावों का मुख्य उद्देश्य किसानों को मिलने वाले कृषि ऋण की प्रक्रिया को आसान, एक जैसी और अधिक व्यवस्थित बनाना है। बैंक ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि किसानों को समय पर और पर्याप्त ऋण मिल सके और उनकी खेती से जुड़ी जरूरतें बिना रुकावट पूरी हो सकें।
आरबीआई ने किसान क्रेडिट कार्ड नियमों में किया बदलाव
नया नियम 2026 से होगा लागू
आरबीआई ने बताया है कि नए निर्देश केसीसी योजना (वाणिज्यिक बैंक) के तहत जनवरी 2026 से लागू होंगे। इसके जरिए पूरे बैंकिंग सिस्टम में कृषि लोम देने और वापस लेने के नियमों में समानता लाई जाएगी। इसका फायदा यह होगा कि अलग-अलग बैंकों में अलग-अलग प्रक्रिया की समस्या कम होगी और किसानों को एक जैसा अनुभव मिलेगा।
फसल मौसम की नई परिभाषा तय
नए नियमों में सबसे बड़ा बदलाव फसल मौसम की परिभाषा को लेकर किया गया है। अब इसे आय पहचान और संपत्ति वर्गीकरण (IRAC) नियमों के अनुसार बदला गया है। इसके तहत अल्पकालिक फसलों के लिए फसल मौसम की अवधि 12 महीने होगी। लॉन्गटर्म फसलों के लिए यह अवधि 18 महीने होगी। सरल भाषा में इसका मतलब है कि अब फसल की बुवाई से लेकर कटाई और बिक्री तक की अवधि को एक निश्चित समय सीमा में बांधा जाएगा, जिससे लोन प्रबंधन आसान हो सके।
किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बदलाव
आरबीआई ने कहा है कि इन निर्देशों का उद्देश्य किसानों और कृषि से जुड़े लोगों को सही समय पर कार्यशील पूंजी और निवेश के लिए लोन उपलब्ध कराना है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना का मकसद पहले से ही किसानों को सस्ती और आसान दर पर लोन देना है, और यह बदलाव उसी दिशा में एक सुधार माना जा रहा है।
सुझावों के बाद तैयार किए गए अंतिम निर्देश
केंद्रीय बैंक ने फरवरी 2026 से पहले इस योजना के मसौदे (ड्राफ्ट) को सार्वजनिक किया था और विभिन्न लोगों तथा संस्थाओं से सुझाव मांगे थे। इन सुझावों के आधार पर अंतिम नियम तैयार किए गए हैं। इससे यह सुनिश्चित किया गया है कि नियम व्यवहारिक हों और किसानों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार काम करें।
बिना गारंटी ऋण सीमा पर कोई नया बदलाव नहीं
आरबीआई ने यह भी साफ किया है कि बिना गारंटी वाले कृषि ऋण की सीमा बढ़ाने का कोई नया प्रस्ताव फिलहाल नहीं है। यह सीमा पहले ही दिसंबर 2024 में बढ़ाई जा चुकी है, इसलिए इसमें अभी कोई और बदलाव नहीं किया जाएगा।
सोना-चांदी गिरवी रखने पर स्पष्टता
नए निर्देशों में यह भी बताया गया है कि यदि किसान 2 लाख रुपये तक के कृषि ऋण के लिए स्वेच्छा से सोना या चांदी गिरवी रखते हैं, तो इसे बिना गारंटी ऋण के नियमों का उल्लंघन नहीं माना जाएगा। इसका उद्देश्य किसानों को अधिक विकल्प देना है ताकि वे आसानी से ऋण प्राप्त कर सकें। आरबीआई के ये नए बदलाव किसान क्रेडिट कार्ड योजना को अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं। इससे देश के किसानों को समय पर ऋण मिलने में मदद मिलेगी और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
