Invest in Property During Festive Season: नवरात्रि, दशहरा और दिवाली के आसपास के समय को शुभ माना जाता है। उत्तरी राज्यों में नवरात्रि मनाई जाती है, महाराष्ट्र में गुड़ी पड़वा और कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में उगादी। वहीं दिवाली की धूमधाम पूरे देश में होती है। इस दौरान कंपनियां ढेरों ऑफर्स लेकर आती हैं। आप जो भी खरीदना चाहते हैं उसके लिहाज से ये समय पूरे साल में सबसे बेस्ट होता है।
यदि आप प्रॉपर्टी भी खरीदना चाहते हैं तो यह समय सबसे बेहतर है। चाहे आप रहने के लिए घर खरीदें या निवेश के लिहाज से रियल एस्टेट में पैसा लगाएं, फेस्टिव सीजन (Festive Season) दोनों लिहाज से बेहतर है। आगे जानिए ऐसा क्यों है।
ऑफर्स की भरमार
फेस्टिव सीजन के दौरान डेवलपर्स खरीदारों को आकर्षित करने के लिए छूट और तरह-तरह के ऑफर लाते हैं। अकसर खरीदार त्योहारी सीजन का इंतजार करते हैं और डेवलपर्स उसी के अनुसार अपनी सेल्स की योजना बनाते हैं। आप इस दौरान ब्रोकरेज छूट, कैश छूट, रजिस्ट्रेशन और स्टांप शुल्क पर बेनेफिट, ट्रेवल वाउचर, मुफ्त कार पार्किंग प्लेस जैसे बेनेफिट ले सकते हैं।
नए प्रोजेक्ट होते हैं लॉन्च
इस दौरान अलग-अलग बजट सेगमेंट में बड़ी संख्या में प्रोजेक्ट लॉन्च किए जाते हैं। फेस्टिव सीजन के दौरान घर खरीदने वालों के पास सेलेक्ट करने के लिए नई लॉन्च किए गए नए प्रोजेक्ट्स का एक दमदार पोर्टफोलियो होता है।
होम लोन ऑफर्स
इस दौरान बैंक भी कुछ आकर्षक सीमित अवधि के होम लोन ऑफर्स लेकर आते हैं। इनमें कम ब्याज दरें, माल और सेवा कर (जीएसटी) पर रियायत, और होम लोन प्रोसेसिंग फीस पर छूट शामिल हैं।
बातचीत की गुंजाइश
त्योहारी सीजन के दौरान लेन-देन काफी होता है। इसलिए विक्रेता बातचीत के लिए तैयार रहते हैं। आप उनसे प्रॉपर्टी के लिए सही से मोल-भाव कर सकते हैं। इस तरह आपको बचत हो सकती है।
बोनस का सपोर्ट
डेवलपर्स और बैंकों के ऑफर के अलावा लोगों को इस दौरान बोनस आदि मिलता है। यदि आपको बोनस मिलता है तो आपको प्रॉपर्टी खरीदने में आसानी होगी। आप उसका इस्तेमाल घर खरीदने में कर सकते हैं।
