विनिर्माण क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन से जून में औद्योगिक उत्पादन 7.3 प्रतिशत बढ़ा, 23 में से 19 उद्योग ने दर्ज की बढ़त

जून, 2026 के लिए आईआईपी की वृद्धि दर मई, 2026 के 5.1 प्रतिशत (जून में जारी त्वरित अनुमान) के मुकाबले 7.3 प्रतिशत है। मई के लिए आईआईपी का संशोधित अनुमान पांच प्रतिशत है।

देश की अर्थव्यवस्था के लिए अच्छी खबर है। जून महीने में देश के औद्योगिक उत्पादन (IIP) की रफ्तार तेज हो गई है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जून में भारत का औद्योगिक उत्पादन 7.3 प्रतिशत बढ़ा है, जो मई में 5.1 प्रतिशत था। बता दें कि यह नई श्रृंखला पर आधारित औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) का तीसरा मासिक आंकड़ा है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने मंगलवार को बयान में कहा कि जून, 2026 में औद्योगिक उत्पादन सूचकांक ने सालाना आधार पर 7.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। इसे विनिर्माण क्षेत्र में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि और बिजली तथा गैस आपूर्ति क्षेत्र में 10.6 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि से समर्थन मिला।

India GDP Rate

औद्योगिक उत्पादन

बिजली और गैस क्षेत्र में शानदार वृद्धि

सालाना आधार पर तुलना करें तो जून, 2026 में खनन और संबद्ध उत्पादन एक प्रतिशत, विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन 7.8 प्रतिशत, बिजली तथा गैस आपूर्ति और जलापूर्ति क्षेत्र का उत्पादन 10.6 प्रतिशत, तथा सीवरेज और अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्र का उत्पादन 6.1 प्रतिशत बढ़ा। विनिर्माण क्षेत्र की बात करें तो 23 उद्योग समूहों में 19 ने जून, 2025 की तुलना में जून, 2026 में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की। जून, 2026 के लिए शीर्ष तीन सकारात्मक योगदानकर्ता हैं - विद्युत उपकरणों का निर्माण (34 प्रतिशत), मोटर वाहन, ट्रेलर और सेमी-ट्रेलर का निर्माण (17.5 प्रतिशत), और खाद्य उत्पादों का निर्माण (10.8 प्रतिशत)।

End of Feed