Forex Reserve:देश के विदेशी मुद्रा भंडार में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। 29 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में 2.76 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। अब विदेशी मुद्रा भंडार 623.2 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे पिछले सप्ताह में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 4.47 अरब डॉलर बढ़कर 620.44 अरब डॉलर हो गया था। देश का विदेशी मुद्रा भंडार अक्टूबर, 2021 में 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया था। जिससे अभी भी वह थोड़ा पीछे है। लेकिन जिस तरह से विदेशी मुद्रा भंडार में रिकवरी हुई है, उससे उम्मीद है कि विदेशी मुद्रा भंडार नया रिकॉर्ड बना सकता है।
विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा
कैसे आई तेजी
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को विदेशी मुद्रा भंडार की जो जानकारी दी है। उसके अनुसार पिछले सप्ताह में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 4.47 अरब डॉलर बढ़कर 620.44 अरब डॉलर हो गया था। विदेशी मुद्रा भंडार का एक प्रमुख घटक, विदेशी मुद्रा आस्तियां 1.87 अरब डॉलर बढ़कर 551.61 अरब डॉलर हो गया।डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में घट-बढ़ के प्रभावों को शामिल किया जाता है।रिजर्व बैंक के अनुसार स्वर्ण भंडार का मूल्य 85.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 48.33 अरब डॉलर हो गया।विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 3.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.36 अरब डॉलर हो गया।
क्यों पड़ा असर
पिछले साल से वैश्विक गतिविधियों के कारण उत्पन्न दबाव के बीच केंद्रीय बैंक ने पूंजी भंडार का उपयोग बाजार में जरूरी हस्तक्षेप के लिए किया। इससे मुद्राभंडार प्रभावित हुआ। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास रखा देश का मुद्रा भंडार 20 लाख डॉलर घटकर 4.89 अरब डॉलर रहा।
