देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserves) 7 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में 6.306 अरब डॉलर के उछाल के साथ 584.755 अरब डॉलर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। इस बढ़ोतरी के साथ ही विदेशी मुद्रा भंडार में पिछले दो हफ्ते से जारी गिरावट पर भी आखिरकार विराम लग गया है। इससे पिछले हफ्ते, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 32.9 करोड़ डॉलर घटकर 578.42 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। बताते चलें कि अक्टूबर 2021 में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।
अक्टूबर 2021 में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था
फॉरेन करेंसी एसेट्स में 4.74 अरब डॉलर की बढ़ोतरी
वैश्विक घटनाक्रमों के बीच केंद्रीय बैंक के रुपये की एक्सचेंज रेट में तेज गिरावट को रोकने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग किया था, जिसके बाद इसमें गिरावट आई थी। रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, 7 अप्रैल को खत्म हुए सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा फॉरेन करेंसी एसेट्स रहा, जो 4.74 अरब डॉलर की बढ़ोतरी के साथ 514.431 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
गोल्ड रिजर्व में भी 1.496 अरब डॉलर का उछाल
डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाले फॉरेन करेंसी एसेट्स में यूरो, पाउंड और येन जैसे नॉन-अमेरिकन करेंसी में आई उतार-चढ़ाव के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है। रिजर्व बैंक ने कहा कि पिछले हफ्ते गोल्ड रिजर्व की वैल्यू में भी 1.496 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसके बाद ये 46.696 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।
आंकड़ों के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 5.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.45 अरब डॉलर हो गया। पिछले हफ्ते अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में रखा देश का मुद्रा भंडार 1.3 करोड़ डॉलर बढ़कर 5.178 अरब डॉलर पर रहा।
पीटीआई इनपुट्स के साथ
