कारोबारी हफ्ते के चौथे दिन इंडियन एनर्जी एक्सचेंज (IEX) के शेयरों में 10% की भारी गिरावट आई और यह बीएसई पर अपने लोअर सर्किट 169.10 रुपये पर पहुंच गए। यह गिरावट उस समय देखी गई जब केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग (CERC) ने भारत में पावर मार्केट कपलिंग लागू करने का औपचारिक ऐलान किया। यह ऐलान IEX के पहली तिमाही (Q1FY26) के नतीजों से कुछ घंटे पहले आया है, जो आज जारी होने वाले हैं।
क्या है पावर मार्केट कपलिंग?
पावर मार्केट कपलिंग एक ऐसी प्रणाली है, जिसमें देश की सभी पावर एक्सचेंज (जैसे IEX) की बोलियों को एक जगह इकट्ठा करके एक सेंट्रलाइज्ड सिस्टम के जरिए एक ही कीमत तय की जाती है। इसका मकसद अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली की कीमतों में अंतर को कम करना और पूरे देश में एक समान व पारदर्शी मूल्य निर्धारण करना है।
फिलहाल, भारत में कई पावर एक्सचेंज स्वतंत्र रूप से काम करते हैं और अपनी-अपनी कीमतें तय करते हैं। लेकिन CERC के इस नए नियम के तहत Day-Ahead Market (DAM) को सबसे पहले कपल किया जाएगा और जनवरी 2026 से ‘राउंड-रॉबिन’ तरीके से इसकी शुरुआत होगी।
IEX पर असर
IEX देश का सबसे बड़ा और प्रमुख पावर एक्सचेंज है, जिसकी DAM और रियल-टाइम मार्केट में मजबूत पकड़ है। इस नई व्यवस्था से IEX के व्यापार मॉडल, ट्रेड वॉल्यूम और सेटलमेंट प्रोसेस पर सीधा असर पड़ सकता है।
आज आएंगे Q1 नतीजे
CERC के इस फैसले के बीच आज IEX अपने अप्रैल-जून तिमाही के नतीजे जारी करने वाला है। निवेशक और विश्लेषक यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि कंपनी इस बदलाव को लेकर कितनी तैयार है और इसका क्या असर पड़ेगा।
IEX का शेयर प्रदर्शन
बीते एक साल में IEX के शेयरों में 3.07% की गिरावट आई है। साल 2025 की शुरुआत से अब तक इसमें 6.21% की गिरावट हुई है। पिछले तीन महीनों में इसमें 11.35% की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि सिर्फ पिछले एक महीने में ही शेयर 9.93% गिरा है।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
