ICICI Bank Q2 Result: आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) ने जुलाई-सितंबर के वित्तीय नतीजे पेश कर दिए हैं। इसके शुद्ध लाभ यानी नेट प्रॉफिट में साल-दर-साल आधार पर 36 फीसदी की वृद्धि हुई है। बैंक ने सितंबर तिमाही में 10,261 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। वहीं शुद्ध ब्याज आय साल दर साल 24% बढ़कर 18,308 करोड़ रुपये हो गई। तिमाही में कुल इनकम साल दर साल 31% बढ़कर 40,697 करोड़ रुपये हो गई।
प्रोविजन में आई गिरावट
जुलाई-सितंबर तिमाही में आईसीआईसीआई बैंक के प्रोविजन तेजी से गिरकर 583 करोड़ रुपये रह गए, जो एक साल पहले समान तिमाही में 1,645 करोड़ रुपये और अप्रैल-जून में 1,292.4 करोड़ रुपये के थे। सितंबर के अंत तक इसका ग्रॉस एनपीए रेशियो 2.48% रहा, जो एक साल पहले के 3.19% और एक तिमाही पहले के 2.76% से कम है।
घट गया नेट एनपीए अनुपात
वहीं बैंक का नेट एनपीए रेशियो 0.43% था, जो एक साल पहले के 0.61% और एक तिमाही पहले के 0.48% से कम रहा। सितंबर के अंत तक पूंजी पर्याप्तता अनुपात (Capital Adequacy Ratio) 16.07% था, जो एक साल पहले 16.93% और एक तिमाही पहले 16.71% था। वहीं तिमाही में ऑपरेटिंग एक्सपेंसेज बढ़कर 9,855.3 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 8,161.36 करोड़ रुपये था।
कितनी बढ़ी फीस इनकम
30 सितंबर तक आईसीआईसीआई बैंक का नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPA) पर प्रॉजेक्ट रेशियो 82.6% था। तिमाही के दौरान नेट इंटेरेस्ट मार्जिन (एनआईएम) 4.53% रहा, जो एक साल की समान अवधि में 4.31% से अधिक है।
अप्रैल-सितंबर अवधि के लिए नॉन-इंटेरेस्ट इनकम साल दर साल 14% बढ़कर 5,861 करोड़ रुपये हो गई। वहीं इसकी फीस इनकम वर्ष दर वर्ष 16.2% बढ़कर 5,204 करोड़ रुपये हो गई।
