बिजनेस

IBM Share Price Crash : 58 साल की सबसे बड़ी गिरावट, एक दिन में 26 फीसदी टूटा

अमेरिकी टेक दिग्गज IBM के शेयरों में 58 साल में सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली है। कंपनी के शेयर में एक ही दिन में 26 फीसदी की गिरावट आई है।

Image

आईबीएम के शेयरों में बड़ी गिरावट

IBM Share Price Crash : दुनिया की सबसे पुरानी और बड़ी टेक कंपनियों में शामिल IBM आके शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली है। कंपनी के शेयर प्राइस में एक ही दिन में 26% की गिरावट देखने को मिली है। यह इस शेयर में 58 साल की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट है। इसकी वजह दूसरी तिमाही की शुरुआती बिक्री का अनुमान से काफी कमजोर रहना है। कंपनी ने बताया कि उसके ग्राहकों ने इस बार सॉफ्टवेयर और मेनफ्रेम सिस्टम पर खर्च कम कर दिया। इसके बजाय उन्होंने सर्वर, स्टोरेज और मेमोरी चिप खरीदने पर ज्यादा पैसा लगाया, क्योंकि AI से जुड़ी चिप की वैश्विक कमी अभी भी बनी हुई है।

उम्मीद से काफी कम रही कमाई

IBM ने शुरुआती आंकड़ों के अनुसार दूसरी तिमाही में 17.2 अरब डॉलर का रेवेन्यू रिपोर्ट किया। जबकि, बाजार को करीब 17.9 अरब डॉलर की उम्मीद थी। यानी कंपनी अनुमान से काफी पीछे रह गई। सबसे ज्यादा असर कंपनी के इन्फ्रास्ट्रक्चर बिजनेस पर पड़ा, जहां बिक्री में करीब 7% की गिरावट दर्ज हुई। कंपनी ने कहा कि अभी खातों की अंतिम समीक्षा चल रही है और अगले सप्ताह आने वाले नतीजों में मामूली बदलाव संभव है।

AI की दौड़ ने बदला ग्राहकों का खर्च

पिछले दो वर्षों में पूरी दुनिया में AI Data Center बनाने की होड़ लगी हुई है। इसके चलते हाई-एंड चिप, खासकर मेमोरी चिप की मांग तेजी से बढ़ी है। IBM के मुताबिक, ग्राहकों को डर था कि आगे कीमतें और बढ़ सकती हैं। इसलिए उन्होंने पहले सर्वर और चिप खरीदने को प्राथमिकता दी। इसका असर आईबीएम के मेनफ्रेम, सॉफ्टवेयर और अन्य उत्पादों की बिक्री पर पड़ा।

सीईओ अरविंद कृष्णा ने मानी चूक

IBM के CEO अरविंद कृष्णा ने निवेशकों को लिखे पत्र में कहा कि कंपनी को सप्लाई चेन की दिक्कतों का अंदाजा था, लेकिन ग्राहकों के खर्च का रुख इतनी तेजी से बदलेगा, इसका अनुमान नहीं था। उन्होंने माना कि कई बड़े सौदे तय समय पर पूरे नहीं हो सके और कंपनी बदलती परिस्थितियों के हिसाब से उतनी तेजी से काम नहीं कर पाई।

मुनाफे पर भी पड़ा असर

कंपनी ने शुरुआती आंकड़ों में बताया कि प्रति शेयर आय करीब 2% घटकर 2.27 डॉलर रह गई। हालांकि, IBM का कहना है कि अंतिम वित्तीय नतीजे अगले सप्ताह जारी किए जाएंगे। IBM Share अमेरिकी बाजार में मंगलवार 14 जुलाई को 26% (73.16 डॉलर) टूटकर 217.07 डॉलर पर आ गया। कारोबार के दौरान शेयर 226.36 डॉलर पर खुला, 229.92 डॉलर का उच्चतम और 213.22 डॉलर का निचला स्तर छुआ। कंपनी का मार्केट कैप अब करीब 204 अरब डॉलर रह गया है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानिया author

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

    End of Article