Withdraw money using Aadhaar: भारत में रहने वाला हर दूसरा व्यक्ति आधार कार्ड (Aadhaar Card) का इस्तेमाल कर रहा है। लेकिन क्या आप जानते हैं आधार कार्ड का इस्तेमाल केवल पहचान को सत्यापित करने के लिए ही नहीं बल्कि बैंक खाते से पैसे निकालने के लिए भी किया जा सकता है। जी हां, अगर आपके पास आधार कार्ड है तो आप अपनी नकदी की जरूरत को तुरंत पूरा कर सकते हैं।
आधार कार्ड से कैसे निकालें पैसा

Aadhaar Card से कैसे निकालें पैसा (Photo: AI Generated)
बैंक खाते से लिंक होना चाहिए आधार
अपने बैंक खाते से आधार के जरिए पैसा निकालने के जरूरी है कि आपका बैंक खाता आधार से लिंक्ड हो। यह काम बैंक शाखा विजिट कर करवाया जा सकता है। एक बार आपका आधार कार्ड बैंक खाते से जुड़ जाता है तो आपको पैसे निकालने के लिए एटीएम, कार्ड या पिन की जरूरत नहीं होती। न ही आपको बैंक शाखा जाने की जरूरत होगी।
आधार नंबर और बायोमेट्रिक की होगी जरूरत
AePS यानी Aadhaar Enabled Payment System के जरिए आप अपने नजदीकी AePS Touch Point Operators (AOTs) के पास जाकर आसानी से अपने बैंक खाते से पैसे निकाल सकते हैं। AePS की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें लेन-देन के लिए केवल आधार नंबर और फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक) सत्यापन की जरूरत होती है।
बैंकिंग एजेंट करेगा आपकी मदद
आधार कार्ड से पैसे निकालने के लिए आपको अपने इलाके में बैंकिंग एजेंट या माइक्रो एटीएम ढूंढना होगा। ये आमतौर पर स्थानीय बाजारों, किराना स्टोरों में मौजूद होते हैं। स्थानीय बाजारों में बैंकिंग सेवाएं या आधार-सक्षम भुगतान प्रणाली लिखे हुए संकेतों के साथ इनकी पहचान की जा सकती है। एजेंट को जब आप यह बताते हैं कि आप आधार कार्ड से पैसे निकालना चाहते हैं तो वह अपने एक खास डिवाइस पर बैंक की सूची पेश करता है। इस सूची में अपने बैंक खाते को चुनना होता है। इसके बाद 12 अंकों का आधार नंबर देना होता है। इसके बाद आगे की प्रक्रिया के लिए आपसे छोटे स्कैनर पर उंगली (आमतौर पर अंगूठा) रखने के लिए कहा जाएगा। आई स्कैनर का इस्तेमाल होता है तो उसमें देखना होगा। इसे बायोमेट्रिक स्कैन कहते हैं, जो आपकी पहचान को सत्यापित करता है। सत्यापन पूरा होने के बाद आपको आपकी धनराशि दे दी जाती है। अंत में आपको एक पुष्टिकरण पर्ची भी दे दी जाएगी, जो कि एक प्रिंटेड रसीद होती है। इस रसीद में आपकी निकाली गई राशि दर्ज होती है। इसे आप संभाल कर सकते हैं।
सुरक्षा के लिहाज से भी AePS मजबूत
सुरक्षा के लिहाज से भी AePS काफी मजबूत है। बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के कारण किसी भी तरह की धोखाधड़ी की संभावना कम हो जाती है। साथ ही इसमें कार्ड, PIN या जटिल कागजी प्रक्रिया की जरूरत नहीं होती, जिससे यह सभी वर्गों के लिए उपयोगी बन जाता है। यह सिस्टम खासकर बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे लोगों के लिए फायदेमंद है। उन्हें किसी फॉर्म को भरने या पासवर्ड याद रखने की जरूरत नहीं होती, सिर्फ फिंगरप्रिंट से ही उनका काम हो जाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
