How to Renew Lapsed LIC Policy: अगर आपने एलआईसी (LIC) की पॉलिसी ली है और किसी वजह से समय पर प्रीमियम नहीं भर पाए हैं, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC अपने ग्राहकों को उनकी बंद हो चुकी (लैप्स) पॉलिसी को फिर से शुरू करने का मौका देती है।
क्या होता है जब LIC प्रीमियम मिस हो जाता है?
अगर आप समय पर प्रीमियम नहीं भरते हैं, तो कंपनी आपको एक ग्रेस पीरियड देती है। मासिक (Monthly) प्रीमियम वालों को 15 दिन और तिमाही, छमाही या सालाना प्रीमियम वालों को 30 दिन का समय मिलता है। अगर इस अवधि में भी भुगतान नहीं किया गया तो पॉलिसी लैप्स हो जाती है। यानी आपका इंश्योरेंस कवर खत्म हो जाता है। इसके बाद न तो आपको बोनस और लॉयल्टी बेनिफिट्स मिलते हैं और न ही मैच्योरिटी व सर्वाइवल बेनिफिट्स।
LIC पॉलिसी को दोबारा एक्टिव करने के विकल्प
एलआईसी पॉलिसी को फिर से चालू करने के लिए कई तरीके देता है। अगर पॉलिसी दो साल के भीतर बंद हुई है तो ऑर्डिनरी रिवाइवल के तहत सभी बकाया प्रीमियम और 8 से 10 प्रतिशत ब्याज चुकाना पड़ता है। इसके साथ स्वास्थ्य घोषणा पत्र भी जमा करना होता है। वहीं अगर पॉलिसी दो से पांच साल तक बंद रही है तो स्पेशल रिवाइवल का विकल्प मिलता है। इसमें पॉलिसी की शुरुआत की तारीख बदल दी जाती है, जिससे प्रीमियम का बोझ थोड़ा कम हो सकता है।
अगर आपकी पॉलिसी में सरेन्डर वैल्यू बनी हुई है तो लोन कम वाले रिवाइवल का विकल्प लिया जा सकता है। इस स्थिति में पॉलिसी की वैल्यू से लोन लेकर बकाया प्रीमियम चुकाया जा सकता है। एक और तरीका इंस्टॉलमेंट रिवाइवल है, जिसमें बकाया रकम को किश्तों में चुकाने की सुविधा दी जाती है ताकि एक बार में भारी रकम का दबाव न पड़े।
इसके अलावा एलआईसी समय-समय पर स्पेशल रिवाइवल कैंपेन भी चलाती है। इन कैंपेन में लेट फीस माफ कर दी जाती है और पॉलिसी दोबारा एक्टिव करने का आसान मौका मिलता है। हालांकि अगर पॉलिसी लंबे समय से बंद है या इंश्योरेंस अमाउंट बहुत ज्यादा है तो कंपनी मेडिकल रिपोर्ट भी मांग सकती है।
पॉलिसी दोबारा चालू करने का तरीका
पॉलिसी को दोबारा शुरू करने के लिए आपको नजदीकी एलआईसी ब्रांच या अपने एजेंट से संपर्क करना होगा। सबसे पहले पॉलिसी का स्टेटस चेक करें और फिर फॉर्म 680 यानी रिवाइवल फॉर्म भरें। इसके बाद सभी बकाया प्रीमियम और ब्याज का भुगतान करना होगा।
अगर आपकी एलआईसी पॉलिसी बंद हो गई है तो घबराने की जरूरत नहीं है। एलआईसी अलग-अलग विकल्प देकर आपको पॉलिसी दोबारा शुरू करने का अवसर देती है। बस समय पर कार्रवाई करना और बकाया प्रीमियम जमा करना जरूरी है, ताकि आपके परिवार की सुरक्षा लगातार बनी रहे।
