कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) सरकारी और निजी दोनों तरह के कर्मचारियों के लिए एक बेहद उपयोगी सामाजिक सेविंग स्कीम चलाता है। इस योजना में हर महीने कर्मचारी और उसका नियोक्ता, दोनों मिलकर कुछ राशि कर्मचारी के पीएफ खाते (Provident Fund Account) में जमा करते हैं। इस पैसे पर ब्याज भी मिलता है, और रिटायरमेंट के समय यह रकम एक साथ मिलती है। इतना ही नहीं, मेंबर्स को हर महीने पेंशन का भी लाभ मिलता है। अगर आपको चेक करना है कि अब तक आपके EPFO में कितने रुपए जमा हो गए हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। आइए आपको बताते हैं कि आप डिजिलॉकर से कैसे EPFO बैलेंस चेक कर सकते हैं?
डिजिलॉकर से चेक करें EPFO बैलेंस
अब EPFO मेंबर्स अपने पीएफ बैलेंस और उससे जुड़ी जानकारी DigiLocker ऐप के जरिए भी आसानी से देख सकते हैं। यह सुविधा खास तौर पर एंड्रॉइड यूज़र्स के लिए बहुत काम की है। डिजिलॉकर में यूएएन कार्ड, पीपीओ (Pension Payment Order), और स्कीम सर्टिफिकेट जैसे जरूरी डॉक्यूमेंट्स भी देखे जा सकते हैं। आइए जानते हैं कि यह कैसे किया जा सकता है।
DigiLocker से PF बैलेंस चेक करने का तरीका
1. सबसे पहले अपने फोन में DigiLocker ऐप को Google Play Store से डाउनलोड करें।
2. ऐप इंस्टॉल करने के बाद, लॉग इन या नया अकाउंट बनाएं।
3. इसके बाद आधार कार्ड के जरिए EPFO को लिंक करें और अपने खाते को सिंक करें।
4. अब ऐप में EPFO सेक्शन पर जाएं।
5. यहां से आप UAN कार्ड, PPO और पासबुक जैसे डॉक्यूमेंट देख सकते हैं।
6. इसी सेक्शन में जाकर आप अपना PF बैलेंस और ट्रांजेक्शन डिटेल्स भी चेक कर सकते हैं।
मेसेज से PF बैलेंस चेक करने का तरीका
अगर आप डिजिलॉकर का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो एसएमएस से भी बैलेंस पता कर सकते हैं।
- आपका मोबाइल नंबर UAN से रजिस्टर्ड होना चाहिए।
- इसके बाद टाइप करें: EPFOHO UAN
- और यह संदेश भेजें 7738299899 पर।
- कुछ ही सेकंड में आपको एसएमएस के जरिए PF बैलेंस की जानकारी मिल जाएगी।
मिस कॉल से PF बैलेंस चेक करें
आप मिस कॉल देकर भी बैलेंस जान सकते हैं।
- इसके लिए आपका UAN, आधार, पैन और बैंक अकाउंट लिंक होना जरूरी है।
- बस 9966044425 पर एक मिस कॉल दें।
- कुछ देर बाद आपके मोबाइल पर PF बैलेंस की डिटेल वाला मैसेज आ जाएगा।
अब PF बैलेंस चेक करने के लिए दफ्तर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं। कुछ आसान स्टेप्स में आप अपने फोन से ही पूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
