आम लोगों में फाइनेंशियल लिटरेसी (वित्तीय साक्षरता) बढ़ी है लेकिन 'वित्तीय आलस' वाली प्रवृति बनी हुई है। इसके चलते बहुत सारे लोग एक बार बैंक अकाउंट या इन्वेस्टमेंट करने के बाद उन्हें दोबारा नहीं देखते। जब कुछ अनहोनी हो जाती है तो एक छोटी सी गलती के चलते परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए जरूरी है कि निवेश या अकाउंट खोलने के बाद समय-समय पर उसे चेक करते रहे। आज इसी कड़ी में हम नॉमिनी का महत्व बता रहे हैं।
नॉमिनी कैसे जोड़ें
बैंकिंग की दुनिया में नॉमिनी का बड़ा ही अहम रोल है। अगर आप निवेश करते हैं और नॉमिनी नहीं देते हैं तो आपके साथ कुछ होने पर पैसे निकालने में काफी मुश्किल का सामना करना पड़ता है। आज हम आपको FD, बैंक अकाउंट, Mutual Fund और Demat में नॉमिनी जोड़ना या बदलना बता रहे हैं। मौजूदा समय में नॉमिनी की जानकारी अपडेट करना आसान हो गया है क्योंकि ज्यादातर फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन यह सुविधा ऑनलाइन मुहैया करा रहे हैं।
इन 4 जगहों पर नॉमिनी सबसे ज्यादा जरूरी
बैंक अकाउंट्स (सेविंग्स, एफडी और लॉकर): बैंक अब ग्राहकों को एक से ज्यादा नॉमिनी जोड़ने की सुविधा देते हैं। इसके जरिए आप न सिर्फ अपने पैसे को अलग-अलग लोगों में बांट सकते हैं।
डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट: अगर आप शेयर बाजार या ईटीएफ (ETF) में निवेश करते हैं, तो नॉमिनी बनना अनिवार्य है। इसके बिना, निवेशक की मृत्यु के बाद शेयर्स को परिवार के नाम ट्रांसफर करना एक बेहद जटिल और लंबी कानूनी प्रक्रिया बन जाता है।।
म्यूचुअल फंड: म्यूचुअल फंड में आप एक या एक से अधिक नॉमिनी जोड़कर उनका प्रतिशत (जैसे एक को 60% और दूसरे को 40%) तय कर सकते हैं।
इंश्योरेंस पॉलिसी: जीवन बीमा का असली मकसद ही नॉमिनी को आर्थिक सुरक्षा देना है। यहां ध्यान रखें कि अगर नॉमिनी नाबालिग (18 साल से कम) है, तो आपको एक बालिग गार्जियन को जोड़ना होगा।
ऐसे अपडेट करें नॉमिनी
नॉमिनी जोड़ने या बदलने की प्रक्रिया लगभग हर प्लेटफॉर्म पर एक जैसी और बेहद सरल है। आप यह काम घर बैठे ऑनलाइन पूरा कर सकते हैं।
स्टेप-1: सबसे पहले अपने सभी बैंक अकाउंट, म्यूचुअल फंड, डीमैट अकाउंट और इंश्योरेंस पॉलिसियों की एक सूची तैयार करें। अक्सर इस स्टेप पर लोगों को याद आता है कि उनका कोई पुराना अकाउंट भी कहीं एक्टिव है।
स्टेप-2: अपने बैंकिंग ऐप या इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म पर लॉग-इन करें और प्रोफाइल सेक्शन में जाकर चेक करें कि क्या नॉमिनी पहले से जुड़ा है? अगर जुड़ा है, तो क्या उसकी जानकारी अभी भी सही है या बदलने की जरूरत है?
स्टेप-3: अगर नॉमिनी नहीं जुड़ा है, तो ऑनलाइन ही उसका नाम, आपके साथ रिश्ता और जन्म तिथि दर्ज करें।
स्टेप-4: सिर्फ रिक्वेस्ट सबमिट करके निश्चिंत न हों। अपडेट होने के बाद बैंक या प्लेटफॉर्म से आए कन्फर्मेशन मैसेज, ईमेल या स्क्रीनशॉट को अपने पास सुरक्षित रख लें।
इन गलतियों से नॉमिनी जोड़ने में बचें
अक्सर लोग नॉमिनी का नाम दर्ज करते समय स्पेलिंग मिस्टेक कर देते हैं, जिससे बाद में क्लेम लेते समय सरकारी दस्तावेजों (जैसे पैन या आधार) से मिलान नहीं हो पाता। इसके अलावा, शादी होने, बच्चे होने या जीवन में कोई बड़ा आर्थिक बदलाव आने के बाद लोग पुराने नॉमिनी को बदलना भूल जाते हैं। इन गलतियों से बचें। एक्सपर्ट्स की सलाह है कि बहुत ज्यादा नॉमिनी रखने के बजाय बड़े अकाउंट्स के लिए एक ही नॉमिनी रखें ताकि बाद में कोई कन्फ्यूजन न हो।
