बिजनेस

Stock Market Down: शेयर बाजार में भारी गिरावट, 1282 अंक लुढ़का सेंसेक्स, IT-FMCG कंपनियों में जमकर हुई बिकवाली

Stock Market Down: सोमवार को शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी के एक दिन बाद मंगलवार को बड़ी गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 1,282 अंक लुढ़क गया। आईटी और FMCG कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार नुकसान में रहा।

Image

शेयर बाजार में भारी गिरावट

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • शेयर बाजार में गिरावट
  • सेंसेक्स 1282 अंक फिसला
  • IT-FMCG शेयरों में हुई बिकवाली

Stock Market Down: सोमवार को शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी के एक दिन बाद मंगलवार को बड़ी गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 1,282 अंक लुढ़क गया। आईटी और FMCG कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार नुकसान में रहा। तीस शेयरों वाला सेंसेक्स 1,281.68 अंक यानी 1.55 प्रतिशत का गोता लगाते हुए 81,148.22 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,386.21 अंक तक लुढ़क गया था। सेंसेक्स के शेयरों में 25 नुकसान में जबकि पांच लाभ में रहे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 346.35 अंक यानी 1.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,578.35 अंक पर बंद हुआ।

ये भी पढ़ें -

इन शेयरों में आई गिरावट

सेंसेक्स की कंपनियों में इन्फोसिस में 3.54 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा पावर ग्रिड, इटर्नल, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारती एयरटेल, इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी और एचडीएफसी बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहीं।

दूसरी तरफ, प्रॉफिट में रहने वाले शेयरों में सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक शामिल हैं।

गिरावट की वजह रही मुनाफावसूली

रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजित मिश्रा ने कहा कि मुनाफावसूली चौतरफा रही। आईटी, एफएमसीजी और वाहन शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा, ‘‘सोमवार की तेजी के बाद मंगलवार को घरेलू बाजार में मुनाफावसूली देखी गई। ऐसा लगता है कि व्यापार युद्ध और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव में कमी सहित वैश्विक और घरेलू जोखिमों में कमी से जो तेजी आई थी, वह अब थोड़ी थमी है।’’

एशियाई बाजारों का कैसा रहा हाल

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त में रहे, जबकि हांगकांग के हैंगसेंग में गिरावट रही। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में ज्यादातर में तेजी का रुख था। चीन और अमेरिका के बीच व्यापार तनाव कम होने के बाद सोमवार को अमेरिकी बाजारों में तेजी रही।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.32 प्रतिशत बढ़कर 65.17 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,246.48 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।

बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 2,975.43 अंक उछलकर सात महीने से अधिक के उच्चस्तर 82,429.90 अंक पर बंद हुआ था। एनएसई निफ्टी भी 916.70 अंक की तेजी के साथ 24,924.70 अंक पर रहा था। (इनपुट - भाषा)

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article