HDFC Bank Q2 Results: देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही यानी जुलाई-सितंबर के वित्तीय नतीजे पेश कर दिए हैं। बैंक का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर लगभग 51 प्रतिशत बढ़कर 15,976 करोड़ रुपये रहा। वहीं इसका रेवेन्यू 33.1 प्रतिशत बढ़कर 38,093 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 28,617 करोड़ था।
कितनी रही नेट इंटरेस्ट इनकम
बैंक की शुद्ध ब्याज आय या नेट इंटरेस्ट इनकम (NII), जो इसकी मुख्य उधार इनकम को दर्शाती है, 27,385 करोड़ रुपये रही। यह 30 सितंबर, 2022 को समाप्त तिमाही के लिए 21,021 करोड़ रुपये से 30.3 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है।
इस बीच, तिमाही के लिए अदर इनकम (गैर-ब्याज आय) 10,708 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 7,596 करोड़ रुपये थी।
चेक करें एनपीए अनुपात
बैंक का ग्रॉस एनपीए अनुपात 1.34 प्रतिशत रहा, जबकि 30 जून 2023 को यह 1.41 प्रतिशत और 30 सितंबर, 2022 को 1.23 प्रतिशत था। वहीं 30 सितंबर, 2023 को बैंक का नेट एनपीए रेशियो 0.35 फीसदी रहा।
कितनी बड़ी हो गई बैलेंस शीट
30 सितंबर, 2023 तक एचडीएफसी बैंक की बैलेंस शीट का साइज 34 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया, जबकि 30 सितंबर, 2022 को यह 22,27,893 करोड़ रुपये था। सितंबर तिमाही में बैंक का ऑपरेटिंग एक्सपेंसेज 15,399 करोड़ रुपये रहा, जो कि पिछले साल समान तिमाही में 11,225 करोड़ रुपये से 37 प्रतिशत अधिक है।
वहीं एचडीएफसी बैंक का प्री-प्रोविजन ऑपरेटिंग प्रॉफिट (पीपीओपी) दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 30.5 प्रतिशत बढ़कर 22,694 करोड़ रुपये रहा। गौरतलब है कि तिमाही के लिए बैंक का प्रोविजन और आकस्मिक खर्च 2,904 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में रहे 3,240 करोड़ रुपये से कम है।
