GST rates will be reduced: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को जानकारी दी कि वस्तु एवं सेवा कर (GST) की दरों को और कम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कर दरों और स्लैब को तर्कसंगत बनाने की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। सीतारमण के अनुसार, जब 1 जुलाई 2017 को जीएसटी लागू हुआ था, तब राजस्व तटस्थ दर (RNR) 15.8% थी, जो 2023 तक घटकर 11.4% रह गई। उन्होंने कहा कि इसे आगे भी घटाया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
जीएसटी दरें होंगी कम – सरकार कर ढांचे को सरल बनाने पर काम कर रही है।
जीएसटी दरों की समीक्षा जारी
वित्त मंत्री ने बताया कि सितंबर 2021 में गठित मंत्रियों के समूह (GoM) ने कर संरचना को तर्कसंगत बनाने को लेकर महत्वपूर्ण कार्य किया है। हालांकि, अब सरकार इसकी समीक्षा कर रही है, जिसके बाद इसे जीएसटी परिषद के समक्ष रखा जाएगा। सीतारमण ने कहा कि सरकार अगली जीएसटी परिषद बैठक में दरों की संख्या, कटौती और संशोधन जैसे मुद्दों पर अंतिम निर्णय लेने के करीब है।
शेयर बाजार पर प्रतिक्रिया
शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के सवाल पर सीतारमण ने वैश्विक अनिश्चितताओं का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि बाजार की स्थिरता कई अंतरराष्ट्रीय घटनाओं जैसे लाल सागर में व्यापार सुरक्षा, समुद्री डकैती और वैश्विक संघर्षों पर निर्भर करती है।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में खुदरा निवेश को मिलेगा बढ़ावा
वित्त मंत्री ने बताया कि सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में खुदरा निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे वित्तीय बाजार में स्थिरता और पारदर्शिता बढ़ेगी।
भाषा इनपुट के साथ
