Govt To Sell Stake In 6 PSU: केंद्र सरकार 6 सरकारी कंपनियों (पब्लिक सेक्टर कंपनियों) या PSU में हिस्सेदारी बेचने जा रही है। सरकार इन 6 कंपनियों की हिस्सेदारी ऑफर फॉर सेल (Offer For Sale) के जरिए बेचेगी।
सरकार 6 सार्वजनिक उपक्रमों में हिस्सेदारी बेचेगी
गौरतलब है कि इन कंपनियों में इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन (IRFC), इंडियन रेलवे कंस्ट्रक्शन इंटरनेशनल लिमिटेड (Ircon International), मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड ( MDL), एनएलसी इंडिया लिमिटेड (जिसे पहले नेवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन लिमिटेड कहा जाता था), नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) और राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (RCF) शामिल हैं।
पहले भी बना हिस्सेदारी घटाने का प्लान
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार सरकार इन 6 कंपनियों में ऑफर फॉर सेल के जरिए अपनी हिस्सेदारी घटा सकती है। बता दें कि सरकार की तरफ से पहले भी इन कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बेचने की कोशिश कर चुकी है। हालांकि किसी निवेशक ने कोई रुचि नहीं दिखाई। इसके चलते सरकार को अपना प्लान टालना पड़ा।
क्या है सरकार का मकसद
इन 6 कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी घटाकर सरकार लिस्टेड कंपिनयों में कम से कम 25 प्रतिशत पब्लिक शेयरहोल्डिंग के नियम को पूरा करेगी। सरकारी बैंकों के अलावा 16 सरकारी ऐसी कंपनियां हैं, जिनमें पब्लिक शेयरहोल्डिंग 25 प्रतिशत से कम है। इसलिए इस नियम को पूरा करने के लिए सरकार ऑफर फॉर सेल का सहारा ले सकती है।
कहां तक पहुंची तैयारी
एमडीएल और इरकॉन इंटरनेशनल वो कंपनियां हैं, जिनमें हिस्सेदारी बेचने को लेकर सरकार पहले ही निवेशकों को ब्रीफ कर चुकी है। बीते कुछ समय में डिफेंस और फर्टिलाइजर सेक्टर की सरकारी कंपनियों के शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए माना जा रहा है कि ये समय उनके ऑफर फॉर सेल के लिहाज से काफी बेहतर है। सरकार जल्द ही नेशनल फर्टिलाइजर्स और राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स के ऑफर फॉर सेल ला सकती है।
