Infosys Variable Pay: हाल ही में देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनियों में से एक इंफोसिस (Infosys) ने अपने कर्मचारियों को हर महीने कम से कम 10 दिन ऑफिस से काम करने को कहा। अब इसने अपने कर्मचारियों को एक खुशखबरी दी है। इंफोसिस ने एलिजिबल कर्मचारियों को जुलाई-सितंबर तिमाही के लिए क्वाटर्ली परफॉर्मेंस बोनस देने का ऐलान किया है। कंपनी इस महीने औसतन 80% पेआउट बोनस देगी।
पॉजिशन लेवल 6 (पीएल6-मैनेजर) और इस बैंड से नीचे के कर्मचारियों - यानी एंट्री लेवल के कर्मचारियों को छोड़कर मैनेजर कैटेगरी से नीचे के कर्मचारियों को वेरिएबल पे दिया जाएगा। वेरिएबल पे कर्मचारियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर दिया जाने वाला बोनस है।
कैसे तय होगी बोनस राशि
ईटी की रिपोर्ट के अनुसार यूनिट डिलीवरी मैनेजर अपनी संबंधित यूनिट्स के लिए पेआउट तय करेंगे और पात्र कर्मचारियों को इस सप्ताह सूचित करेंगे। बेंगलुरु स्थित आईटी कंपनी ने वित्त वर्ष 2022-23 में सैलरी में वृद्धि रोक दी थी। मगर इसने अक्टूबर से अपना वार्षिक मूल्यांकन चक्र (Annual Appraisal Cycle) शुरू कर दिया था।
80% पेआउट पहली तिमाही के भुगतान के समान ही है लेकिन वित्त वर्ष 2021-22 में पिछली तिमाहियों की तुलना में अधिक है जब पेआउट 60%-70% था।
रेवेन्यू में धीमी वृद्धि
इंफोसिस ने परफॉर्मेंस बोनस पेआउट ऐसे समय पर घोषित किया है जब इंफोसिस और अन्य टॉप आईटी कंपनियों ने सितंबर तिमाही में धीमी रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हाल की महीनों में इंफोसिस समेत बाकी बड़ी आईटी कंपनियों के कर्मचारियों की संख्या में गिरावट आई है। वैश्विक स्तर की आर्थिक चिंताओं के कारण टेक्नोलॉजी खर्च में कमी के कारण 245 बिलियन डॉलर की आईटी इंडस्ट्री दबाव में है।
