Akshaya Tritiya 2025: हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया का विशेष महत्व है, जिसे वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। इस साल 2025 में यह पर्व 30 अप्रैल को मनाया जाएगा। ‘अक्षय’ का अर्थ है जो कभी नष्ट न हो, इसलिए इस दिन सोना-चांदी जैसी कीमती धातुओं की खरीदारी को शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन खरीदा गया सोना धन-समृद्धि और सौभाग्य लाता है। इस अवसर पर ज्वैलर्स आकर्षक छूट और ऑफर्स पेश करते हैं, जिससे खरीदारी और भी लाभकारी हो जाती है।
ये भी पढ़ें -
रिकॉर्ड स्तर पर सोना
इस साल सोने की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर हैं, जो 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच चुकी हैं। फिर भी, ज्वैलर्स ग्राहकों को लुभाने के लिए मेकिंग चार्ज पर 25-50% तक छूट, डायमंड ज्वैलरी पर 20-35% डिस्काउंट और ईएमआई विकल्प जैसे ऑफर्स दे रहे हैं।
कौन-कौन दे रहा ऑफर
मालाबार गोल्ड, कल्याण ज्वैलर्स जैसे ब्रांड्स ने मेकिंग चार्ज पर भारी छूट की घोषणा की है। इसके अलावा, एसबीआई क्रेडिट कार्ड धारकों को 25,000 रुपये की न्यूनतम खरीदारी पर 5% कैशबैक भी मिलेगा। ध्यान रहे कि इन ऑफर्स का लाभ उठाने से पहले एक बार चेक कर जरूर कर लें। इन ऑफर्स की अवधि भी जरूर चेक करें।
और क्या-क्या खरीदना है शुभ
बाजार में 18 कैरेट के हल्के वजन वाले आभूषणों और 4-5 ग्राम के सोने के सिक्कों की मांग अधिक है। चांदी की कीमतें भी सोने की तुलना में कम होने के कारण कई लोग चांदी के सिक्के या बर्तन खरीद रहे हैं। इसके अलावा, पीतल, तांबे के बर्तन, पीली सरसों या कौड़ी जैसी चीजें भी खरीदना शुभ माना जाता है।
सोने ने 31% रिटर्न दिया
अक्षय तृतीया पर निवेश के लिए सोना एक सुरक्षित विकल्प है। पिछले साल इस दिन खरीदे गए सोने ने 31% रिटर्न दिया है। हालांकि, विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि चांदी में भी निवेश पर विचार करें, क्योंकि गोल्ड-चांदी अनुपात 100 के करीब है, जो चांदी को आकर्षक बनाता है।
अक्षय तृतीया पर खरीदारी से पहले सोने की शुद्धता और कीमत की जांच जरूर करें। यह पर्व न केवल धार्मिक, बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, जो समृद्धि का प्रतीक है।
