Gold and Silver Rate Today, 17 November 2022: गुरुवार को सोने और चांदी की कीमत में गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना वायदा (Gold Price) 0.34 फीसदी या 183 रुपये की गिरावट के साथ 52,879 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह, चांदी वायदा (Silver Price) 0.73 फीसदी या 454 रुपये की गिरावट के साथ 61,543 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर है। उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह घरेलू कीमतों में वृद्धि ने भारत में सोने के उपभोक्ताओं को निराश किया। इससे डीलर डिस्काउंट की पेशकश करने के लिए प्रेरित हुए।
Gold and Silver Rate Today: आज कितना सस्ता हुआ गोल्ड और सिल्वर?
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (Indian Bullion and Jewellers Association) के मुताबिक, हाजिर बाजार में बुधवार को सबसे ज्यादा शुद्धता वाला सोना 53,094 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिका, जबकि चांदी की कीमत 62,594 रुपये प्रति किलोग्राम थी। दो सप्ताह से भी कम समय में सोने की हाजिर कीमतें 3,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक उछल गई है, जबकि समीक्षाधीन अवधि के दौरान चांदी की हाजिर कीमत 5,500 रुपये प्रति किलोग्राम से ज्यादा बढ़ी।
क्रिप्टो कंगाल, सोना मालामाल!आज फिर सोना-चांदी खरीदने का मौका?क्यों आई क्रूड में गिरावट, क्या है ऑप्शंस?आज की गि… t.co/QSGrtXCVo8
— ANI (@ANI) Nov 17, 2022
डॉलर के मुकाबले फिसला रुपया
विदेशी बाजारों में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और घरेलू शेयर बाजार में सुस्ती के बीच गुरुवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले भारतीय रुपया 37 पैसे टूटकर 81.63 के स्तर पर आ गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर की तुलना में रुपया 81.62 के स्तर पर खुला और फिर गिरावट के साथ 81.63 पर आ गया। मालूम हो कि बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 35 पैसे नीचे लुढ़ककर 81.26 के स्तर पर बंद हुआ था।
ग्लोबल मार्केट में सोना सस्ता हुआ या महंगा?
ग्लोबल मार्केट में सोना और चांदी दोनों महंगा हुआ है। गोल्ड 0.01 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 1777 डॉलर पर पहुंच गया। चांदी की बात करें, तो यह 0.06 फीसदी बढ़कर 21.54 डॉलर पर आ गई। अन्य धातुओं कॉपर 1.62 फीसदी नीचे 376 डॉलर, जिंक 0.64 फीसदी नीचे 3112 डॉलर और एल्युमिनियम 0.71 फीसदी नीचे 2435 डॉलर पर आ गया।
