गौतम अदाणी ने पश्चिम बंगाल के लिए खजाना खोल दिया है। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने गुरुवार को कहा कि समूह 2035 तक पश्चिम बंगाल में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा।अदाणी ने कोलकाता के पास स्थित न्यू टाउन क्षेत्र में 2,000 बिस्तरों वाले अस्पताल की आधारशिला रखने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने आगे कहा कि सुवेंदु अधिकारी... आपकी लीडरशिप में, मुझे पूरा भरोसा है कि बंगाल आने वाले समय की संभावनाओं को नए सिरे से परिभाषित करेगा। और हम अडानी में उन संभावनाओं में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे।
गौतम अदाणी
इन सेक्टर में निवेश करेंगे अदाणी
उन्होंने कहा कि समूह विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं वाले 'अदाणी आरोग्य मंदिर’ पर 4,000 करोड़ रुपये खर्च करेगा और इस परियोजना से 10,000 रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उद्योगपति ने कहा कि पश्चिम बंगाल में अदाणी समूह का निवेश बंदरगाह, लॉजिस्टिक, बिजली, सड़क और डेटा सेंटर क्षेत्रों में होगा। अडानी ने कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की। मई में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद बंगाल की अपनी पहली यात्रा पर बुधवार रात कोलकाता पहुंचे।
अडानी आरोग्य मंदिर’ का भूमि पूजन किया
गौतम अडानी ने अपनी पत्नी और अडानी फाउंडेशन की चेयरपर्सन प्रीति अडानी, बेटे और अडानी पोर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर करण अडानी तथा पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के साथ मिलकर ‘अडानी आरोग्य मंदिर’ का भूमि पूजन किया। न्यू टाउन के एक्शन एरिया-2 में 51 एकड़ जमीन पर बनने वाली इस मेडिकल फैसिलिटी का शिलान्यास पट्ट भी मुख्यमंत्री और गौतम अडानी ने संयुक्त रूप से अनावरण किया। अधिकारियों के मुताबिक, इस अस्पताल में करीब 2,000 बेड होंगे और आधे बेड गरीब मरीजों के लिए आरक्षित रखने की योजना है। इससे पहले गौतम अडानी ने कालीघाट मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना भी की।
मुख्यमंत्री के साथ लंच पर बैठक
अदाणी की मुख्यमंत्री के साथ लंच पर बैठक होने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि चर्चा में राज्य में शहरी नवीनीकरण की अन्य प्रस्तावित पहलों पर भी बात हो सकती है, जिसमें कुमारतुली घाट का चल रहा रीडेवलपमेंट और राइटर्स बिल्डिंग का ऐतिहासिक रेनोवेशन शामिल है।बाद में, अडानी एक बिजनेस चैंबर को संबोधित करेंगे और उनसे बातचीत करेंगे।
