बिजनेस

Open AI से Claude तक घाटे में बड़ी कंपनियां, इस भारतीय AI कंपनी ने छापा 92% मुनाफा

AI पर खर्च और AI के रेवेन्यू में भारी अंतर के चलते ज्यादातर बड़ी AI कंपनियां घाटे में हैं। वहीं, भारत की एक प्योर प्ले AI कंपनी ने FY 27 की पहली तिमाही में 92% का प्रॉफिट रिपोर्ट किया है।

Image

भारत की कंपनी ने किया कमाल

दुनिया की बड़ी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियां आज भी भारी निवेश और ऊंचे खर्च के दौर से गुजर रही हैं। OpenAI, Anthropic (Claude), xAI और कई दूसरी AI कंपनियां अरबों डॉलर की फंडिंग जुटाने के बावजूद मुनाफे से दूर हैं। ऐसे माहौल में भारत की AI और एनालिटिक्स कंपनी Fractal Analytics ने पहली तिमाही में 92% का मुनाफा बढ़ाकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 72.3 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 92% अधिक है। वहीं, परिचालन से आय बढ़कर 912.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो सालाना आधार पर 20% की वृद्धि है।

AI पर खर्च कर रही दुनिया, कमाई दिखा रही भारतीय कंपनी

वैश्विक AI सेक्टर में इस समय सबसे बड़ी चुनौती है कि कंपनियां डेटा सेंटर, चिप्स और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी खर्च कर रही हैं, लेकिन उसके मुकाबले तत्काल कमाई सीमित है। OpenAI और Anthropic जैसी कंपनियां अभी भी भारी निवेश के चरण में हैं। Microsoft, Google और Amazon AI से कमाई तो कर रहे हैं, लेकिन इसके लिए सैकड़ों अरब डॉलर का कैपेक्स भी कर रहे हैं।

वित्तीय संकेतकQ1 FY27Q1 FY26बदलाव
शुद्ध लाभ₹72.3 करोड़₹37.7 करोड़92%
ऑपरेशन से आय₹912.5 करोड़₹760.5 करोड़20%
कर पूर्व लाभ₹97.4 करोड़₹53 करोड़84%
कुल आय₹932.1 करोड़₹774.9 करोड़20%
Meta AI को सीधे बेचने के बजाय विज्ञापन कारोबार मजबूत करने में इस्तेमाल कर रही है। ऐसे समय में Fractal Analytics का मजबूत मुनाफा यह दिखाता है कि एंटरप्राइज AI सर्विसेज का बिजनेस मॉडल फिलहाल अधिक टिकाऊ साबित हो रहा है।

किन सेक्टरों ने बढ़ाई कमाई?

Fractal की ग्रोथ मुख्य रूप से हेल्थकेयर और बैंकिंग सेक्टर से आई। हेल्थकेयर और लाइफ साइंसेज सेक्टर से 69% वृद्धि हुई है। वहीं, बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस (BFSI) से कमाई में 36% वृद्धि हुई है। कंज्यूमर पैकेज्ड गुड्स और रिटेल में 19% वृद्धि देखने को मिली है। जबकि, टेक्नोलॉजी, मीडिया और टेलीकॉम से कमाई में 22% गिरावट आई है। कंपनी के मुख्य AI बिजनेस Fractal.ai से लगभग 894 करोड़ रुपये की आय हुई।

दुनिया में क्या चल रहा हाल?

दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां इस समय AI इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने पर रिकॉर्ड निवेश कर रही हैं। Amazon, Microsoft, Google और Meta मिलकर सालाना 700 अरब डॉलर से ज्यादा का पूंजीगत खर्च कर रही हैं। इनमें डेटा सेंटर, बिजली, नेटवर्क और AI चिप्स पर सबसे ज्यादा पैसा लगाया जा रहा है। Nvidia इस AI दौड़ की सबसे बड़ी कमाई करने वाली कंपनी बनकर उभरी है, क्योंकि वह लगभग सभी बड़ी AI कंपनियों को GPU और नेटवर्किंग हार्डवेयर उपलब्ध कराती है।

कंपनीअनुमानित वार्षिक AI निवेशAI से अनुमानित कमाई
Amazonलगभग $200 अरब$15 अरब+
Alphabet$195–205 अरब$20–25 अरब
Microsoftलगभग $190 अरब$13–23 अरब
Meta$125–145 अरबप्रत्यक्ष कमाई नहीं, विज्ञापन कारोबार को फायदा
Nvidia$5–10 अरब$100–150 अरब+

भारत के लिए क्यों अहम है Fractal की सफलता?

Fractal Analytics के नतीजे बताते हैं कि भारत की AI कंपनियां केवल तकनीक विकसित ही नहीं कर रहीं, बल्कि उससे मुनाफा भी कमा रही हैं। जहां दुनिया की कई AI कंपनियां अभी निवेश और घाटे के दौर में हैं, वहीं Fractal ने एंटरप्राइज AI सॉल्यूशंस के जरिए मजबूत लाभ और लगातार बढ़ती आय दर्ज कर यह संकेत दिया है कि सही बिजनेस मॉडल के साथ AI कारोबार लाभदायक भी बन सकता है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article