AI Spending vs Investor : AI पर बढ़ते कैपेक्स को लेकर इंवेस्टर्स की चिंता के बीच अमेरिकी शेयर बाजार में जोरदार बिकवाली देखने को मिली है। तिमाही नतीजों के बाद टेस्ला (TSLA) के शेयर 15% तक टूट गए हैं। टेक-हैवी नैस्डैक कंपोजिट इंडेक्स 2.5% गिर गया। यह गिरावट इंवेस्टर्स के बदलते रुख को दर्शाती है, क्योंकि वॉल स्ट्रीट अब AI को लेकर लॉन्ग टर्म उत्साह से हटकर कंपनियों की शॉर्ट टर्म मुनाफा और फ्री कैश फ्लो पर अधिक ध्यान दे रही है।
Tesla के अलावा Alphabet, Apple जैसे टेक दिग्गजों के शेयरों में भी भारी गिरावट देखने को मिली है। Alphabet में 8% की गिरावट आई। वहीं, Apple के शेयर में 1.5 फीसदी की गिरावट आई है। इन कंपनियों के तिमाही नतीजे आने के बाद निवेशकों की सबसे बड़ी चिंता उनकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और भविष्य की परियोजनाओं पर बढ़ते खर्च को लेकर रही। इसका असर पूरे अमेरिकी शेयर बाजार पर पड़ा और S&P 500 इंडेक्स 1.55% गिरकर बंद हुआ।
Tesla के शेयर क्यों टूटे?
Elon Musk की इलेक्ट्रिक कार कंपनी Tesla ने दूसरी तिमाही में उम्मीद से कमजोर मुनाफा दर्ज किया। हालांकि कंपनी की बिक्री (Revenue) बाजार के अनुमान से बेहतर रही, लेकिन बढ़ते खर्च और घटती कमाई ने निवेशकों को निराश किया। शेयर करीब 15% गिरकर 319 डॉलर पर पहुंच गया है। यह अगस्त 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है। जुलाई में अब तक शेयर करीब 24% टूट चुका है। वहीं, समायोजित प्रति शेयर आय (EPS) 33 सेंट रही, जबकि बाजार को 51 सेंट की उम्मीद थी। इसके अलावा फ्री कैश फ्लो 1.09 अरब डॉलर निगेटिव रहा, जबकि तिमाही रेवेन्यू 28.2 अरब डॉलर रहा, जो अनुमान से बेहतर माना गया है।
AI पर बढ़ता खर्च निवेशकों की चिंता
विश्लेषकों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से AI को लेकर बाजार में जबरदस्त उत्साह था, लेकिन अब निवेशकों की प्राथमिकता बदल रही है। केवल AI पर अरबों डॉलर खर्च करने से शेयरों को समर्थन नहीं मिल रहा। अब वॉल स्ट्रीट यह देखना चाहती है कि कंपनियां इस निवेश से कितनी जल्दी मुनाफा, मजबूत फ्री कैश फ्लो और बेहतर रिटर्न पैदा कर पाती हैं। Tesla और Alphabet के शेयरों में आई तेज गिरावट इसी बदलती सोच का संकेत मानी जा रही है।
टेस्ला में क्यों आई इतनी बड़ी गिरावट?
Tesla ने बताया कि उसने इस तिमाही में भविष्य की परियोजनाओं पर 5.8 अरब डॉलर खर्च किए, जो पिछले साल की तुलना में 142% अधिक है। इसी वजह से कंपनी ने दो साल में पहली बार तिमाही स्तर पर नकदी (Cash Burn) में गिरावट दर्ज की। कंपनी का कहना है कि वह इस साल 25 अरब डॉलर से ज्यादा का पूंजीगत निवेश (Capex) करेगी और आने वाले वर्षों में यह खर्च और बढ़ सकता है। हालांकि Tesla ने 4.8 लाख से ज्यादा वाहनों की डिलीवरी की, लेकिन रोबोटैक्सी और AI बिजनेस से अभी तक कोई बड़ा वित्तीय योगदान नहीं मिल रहा है।
नतीजे अच्छे फिर क्यों गिरा Alphabet का शेयर?
Google की पैरेंट कंपनी Alphabet ने दूसरी तिमाही में बाजार के अनुमान से बेहतर राजस्व और मुनाफा दर्ज किया। इसके बावजूद निवेशकों ने कंपनी के शेयर बेच दिए क्योंकि कंपनी ने AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च बढ़ाने का ऐलान किया। 2026 के लिए Capex का अनुमान बढ़ाकर 205 अरब डॉलर कर दिया है। जबकि, पहले यह अनुमान 180-190 अरब डॉलर था। कंपनी ने 2027 में भी खर्च और बढ़ने के संकेत दिए हैं। यही वजह रही कि बेहतर नतीजों के बावजूद Alphabet का शेयर 8% टूट गया।
Google Cloud बना सबसे बड़ा ग्रोथ इंजन
Alphabet के लिए सबसे बड़ी ताकत उसका Cloud बिजनेस रहा। कंपनी का कुल रेवेन्यू 119 अरब डॉलर से अधिक रहा। इसमें सालाना आधार पर 24% की वृद्धि हुई है। इसमें Google Cloud का रेवेन्यू 82% बढ़कर 24.77 अरब डॉलर हो गया है, बाजार का अनुमान 22.46 अरब डॉलर था। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट
बढ़कर 112 अरब डॉलर से अधिक हो गया है। कंपनी के CEO Sundar Pichai ने कहा कि AI में निवेश की वजह से Google Cloud की ग्रोथ तेज हुई है। हालांकि निवेशकों को चिंता है कि AI पर हो रहा भारी खर्च भविष्य में पर्याप्त रिटर्न देगा या नहीं।
AI खर्च पर बाजार की नजर
Alphabet इस सीजन में नतीजे घोषित करने वाली "Magnificent Seven" कंपनियों में पहली है। अगले सप्ताह Meta, Microsoft और Amazon भी अपने नतीजे जारी करेंगी। इन चारों कंपनियों ने संकेत दिया है कि वे इस साल AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर मिलकर 725 अरब डॉलर तक खर्च कर सकती हैं। विश्लेषकों का मानना है कि फिलहाल बाजार का फोकस सिर्फ कमाई पर नहीं, बल्कि इस बात पर है कि AI पर हो रहे भारी निवेश से कंपनियों को भविष्य में कितना फायदा मिलेगा। यही वजह है कि मजबूत नतीजों के बावजूद निवेशकों का रुख सतर्क बना हुआ है।
