Family Floater vs Individual Health Insurance: आज के समय में बढ़ते मेडिकल खर्चों को देखते हुए हेल्थ इंश्योरेंस (Health Insurance) हर परिवार की जरूरत बन गया है। लेकिन पॉलिसी खरीदते समय एक बड़ा सवाल सामने आता है क्या पूरे परिवार के लिए एक फैमिली फ्लोटर हेल्थ इंश्योरेंस (Family Floater) लेना बेहतर है या फिर हर सदस्य के लिए अलग-अलग हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी (Individual Health Insurance) खरीदनी चाहिए? इसका जवाब सभी परिवारों के लिए एक जैसा नहीं होता, क्योंकि यह परिवार के सदस्यों की उम्र, स्वास्थ्य और जरूरतों पर निर्भर करता है।
Family Floater vs Individual Health Insurance किसे चुनें (AI generated Image)
क्या होता है फैमिली फ्लोटर प्लान?
फैमिली फ्लोटर प्लान में पूरे परिवार को एक ही पॉलिसी के तहत कवर किया जाता है और सभी सदस्य एक ही सम इंश्योर्ड (Sum Insured) को शेयर करते हैं। उदाहरण के लिए अगर आपने 12 लाख रुपये का फैमिली फ्लोटर प्लान लिया है, तो जरूरत पड़ने पर परिवार का कोई भी सदस्य इस पूरी राशि का इस्तेमाल कर सकता है। अगर एक सदस्य 4 लाख रुपये का क्लेम करता है तो बाकी सदस्यों के लिए उसी पॉलिसी वर्ष में 8 लाख रुपये का कवर बचता है।
फैमिली फ्लोटर के फायदे
अगर परिवार में पति-पत्नी और छोटे बच्चे हैं तथा सभी की उम्र कम है और कोई गंभीर बीमारी नहीं है, तो फैमिली फ्लोटर एक किफायती विकल्प साबित हो सकता है। इसमें एक ही पॉलिसी को मैनेज करना आसान होता है, प्रीमियम अक्सर अलग-अलग पॉलिसी लेने की तुलना में कम पड़ता है और रिन्यूअल की प्रक्रिया भी सरल रहती है।
कब अलग-अलग पॉलिसी लेना बेहतर रहेगा?
वहीं अगर परिवार में माता-पिता या वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं या किसी सदस्य को पहले से कोई गंभीर बीमारी है, तो अलग-अलग हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी लेना अधिक समझदारी हो सकती है। वरिष्ठ नागरिकों को फैमिली फ्लोटर में शामिल करने से प्रीमियम काफी बढ़ सकता है क्योंकि ऐसे प्लान का प्रीमियम आमतौर पर सबसे अधिक उम्र वाले सदस्य के आधार पर तय होता है। इसके अलावा, अगर किसी एक सदस्य का बड़ा मेडिकल क्लेम हो जाता है, तो बाकी परिवार के लिए उपलब्ध कवर कम हो सकता है।
माता-पिता के लिए क्या करें?
जानकारों की मानें तो माता-पिता खासकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी लेना बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे उनके लिए डेडिकेटेड बीमा कवर बना रहता है और उनके इलाज के कारण परिवार के बाकी सदस्यों का बीमा कवर प्रभावित नहीं होता। साथ ही, भविष्य में क्लेम करने या पॉलिसी जारी रखने में भी आसानी रहती है। (
फैसला लेने से पहले इन बातों पर करें विचार
- परिवार के सदस्यों की उम्र कितनी है?
- क्या किसी को पहले से कोई गंभीर बीमारी है?
- भविष्य में मेडिकल खर्च बढ़ने की संभावना कितनी है?
- सम इंश्योर्ड परिवार के सभी सदस्यों के लिए पर्याप्त है या नहीं?
- क्या पॉलिसी में सम इंश्योर्ड रिस्टोरेशन (Restoration Benefit) जैसी सुविधा उपलब्ध है?
