EPFO SWP: रिटायरमेंट फंड से हर महीने मिलेगी फिक्स इनकम, जानिए कितना फंड कितने दिन चलेगा

EPFO Systematic Withdrawal Plan: ईपीएफओ की प्रस्तावित सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) योजना के तहत रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को हर महीने पेंशन की तरह एक तय रकम मिलने की सुविधा मिल सकती है।

EPFO Systematic Withdrawal Plan : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने करोड़ों सदस्यों को रिटायरमेंट के बाद बड़ी राहत देने की तैयारी कर रहा है। अब तक रिटायर होने के बाद कर्मचारियों को अपना पूरा पीएफ (EPF) फंड एकमुश्त यानी लमसम निकालने का विकल्प मिलता था, लेकिन जल्द ही इसमें बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। ईपीएफओ सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) यानी नियमित निकासी योजना शुरू करने पर विचार कर रहा है। इस नई व्यवस्था के लागू होने से रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को हर महीने एक तय रकम पेंशन की तरह मिल सकेगी, जबकि बाकी बचा हुआ पैसा पीएफ खाते में सुरक्षित रहकर ब्याज कमाता रहेगा।

EPFO, Systematic Withdrawal Plan, EPFO SWP, EPFO retirement corpus, EPFO monthly income, EPFO interest rate, inflation adjustment

ईपीएफओ सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान

कैसे काम करेगा ईपीएफ का SWP प्लान?

म्यूचुअल फंड की तर्ज पर काम करने वाले इस सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) के तहत सदस्य अपने जमा किए गए कुल रिटायरमेंट फंड में से एक निश्चित अंतराल पर तय राशि निकाल सकेंगे। इसके लिए सदस्यों को मासिक, तिमाही या छमाही निकासी का विकल्प चुनने की सुविधा मिल सकती है। सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि निकासी के बाद जो रकम पीएफ खाते में बची रहेगी, उस पर ईपीएफ की मौजूदा ब्याज दर (फिलहाल 8.25 प्रतिशत सालाना) के हिसाब से ब्याज मिलता रहेगा। हालांकि, इस योजना के अंतिम नियम और शर्तें अभी तय होना बाकी हैं। इसके अलावा, इस निकासी पर इनकम टैक्स के नियम क्या होंगे, इस पर भी ईपीएफओ की ओर से स्पष्टता आनी बाकी है।

कब तक चलेगा आपका रिटायरमेंट फंड?

इस योजना के तहत आपका पैसा कितने साल तक चलेगा, यह मुख्य रूप से तीन बातों पर निर्भर करेगा, आपके खाते में जमा कुल फंड कितना है, आप हर महीने कितनी रकम निकाल रहे हैं और बचे हुए पैसे पर कितना ब्याज मिल रहा है। आइए, तीन अलग-अलग उदाहरणों से समझते हैं कि अगर कोई व्यक्ति रिटायरमेंट के बाद शुरुआत में 25,000 रुपये प्रति माह निकालता है और महंगाई को देखते हुए हर साल अपनी निकासी में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी करता है, तो 8.25 प्रतिशत की सालाना ब्याज दर के हिसाब से उसका फंड कितने समय तक चलेगा।

20 लाख रुपये का फंड: करीब 9 साल तक मिलेगा सहारा

अगर किसी कर्मचारी के पीएफ खाते में रिटायरमेंट के समय 20 लाख रुपये जमा हैं और वह पहले साल हर महीने 25,000 रुपये निकालता है, तो उसका यह फंड करीब 8 साल और 10 महीने तक चलेगा। हर साल निकासी की रकम में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने के बावजूद, इस पूरी अवधि के दौरान वह व्यक्ति ब्याज मिलाकर कुल करीब 31.14 लाख रुपये की निकासी कर पाएगा। यह आंकड़ा बताता है कि अगर रिटायरमेंट फंड थोड़ा कम है, तो नियमित और बढ़ती हुई निकासी के कारण यह एक दशक के भीतर ही समाप्त हो सकता है।

40 लाख रुपये का फंड: 23 साल से ज्यादा समय तक मिलेगी इनकम

अगर रिटायरमेंट के समय पीएफ खाते में 40 लाख रुपये की राशि जमा है, तो यही निकासी रणनीति काफी लंबे समय तक काम कर सकती है। 25,000 रुपये की शुरुआती मासिक निकासी और हर साल इसमें 4 प्रतिशत की वृद्धि करने पर, 8.25 प्रतिशत के ब्याज के साथ यह फंड करीब 23 साल और 2 महीने तक चलेगा। इस पूरी अवधि में रिटायर्ड कर्मचारी को कुल मिलाकर लगभग 1.11 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त होगी, जो उनके मूल जमा फंड से ढाई गुना से भी ज्यादा है।

75 लाख रुपये का फंड: करीब 42 साल तक नहीं होगी पैसे की कमी

जिन कर्मचारियों ने नौकरी के दौरान अच्छी बचत की है और रिटायरमेंट पर जिनका पीएफ फंड 75 लाख रुपये तक पहुंच गया है, उनके लिए यह प्लान बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। इसी समान फॉर्मूले के तहत, यानी शुरुआत में 25,000 रुपये प्रति माह निकालने और हर साल निकासी में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने पर, यह फंड करीब 41 साल और 8 महीने तक चलेगा। इस दौरान सदस्य कुल मिलाकर करीब 3.09 करोड़ रुपये की रकम निकाल सकेंगे। इसका सीधा मतलब यह है कि 75 लाख रुपये का फंड पूरी जिंदगी के लिए एक मजबूत और सुरक्षित आय का जरिया बन सकता है।

निकासी की सही प्लानिंग क्यों है जरूरी?

ये सभी गणनाएं इस बात को स्पष्ट करती हैं कि रिटायरमेंट फंड का आकार और निकासी की दर आपकी वित्तीय सुरक्षा तय करने में कितनी अहम भूमिका निभाती है। हर साल निकासी में थोड़ी बढ़ोतरी करने से बढ़ती महंगाई और रोजमर्रा के खर्चों को संभालने में मदद मिलती है, लेकिन जरूरत से ज्यादा पैसा निकालने पर फंड समय से पहले खत्म होने का खतरा भी रहता है। इसके अलावा, भविष्य में ईपीएफ की ब्याज दरों में होने वाले बदलाव और टैक्स के नियम भी आपकी वास्तविक आय को प्रभावित करेंगे। अगर सरकार इस SWP निकासी को इनकम टैक्स के दायरे में रखती है, तो स्लैब के अनुसार टैक्स कटने के बाद हाथ में आने वाली रकम थोड़ी कम हो सकती है। इसलिए, ईपीएफओ के अंतिम नियम आने के बाद सदस्यों को अपनी जरुरतों और खर्चों का सही आकलन करके ही निकासी की राशि तय करनी चाहिए।

End Article
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उ...

End of Feed