EPFO 3.0 : आपका भी PF कटता है, तो जरूर जानें 10 बड़े बदलाव और कब से होंगे लागू?

प्राइवेट कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए जल्द ही EPFO 3.0 आने वाला है। अगर आपका भी PF कटता है, तो फरवरी 2027 में 10 ऐसे बड़े बदलाव हो सकते हैं, जिनके बारे में जानना जरूरी है।

EPFO 3.0 February 2027 Changes : प्राइवेट कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को बेहतर और सुविधाजनक बनाने के लिए EPFO में कई बड़े बदलाव होने जा रहे हैंं। यहां ऐसे 10 संभावित बड़े बदलावों को बताया गया है, जो फरवरी 2027 से लागू हो सकते और कर्मचािरयों के EPFO से जुड़े अनुभव को पूरी तरह बदल सकते हैं। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने इन बदलावों को EPFO 3.0 नाम दिया है। इन बदलावों के तहत PF अकाउंट मैनेज करने से लेकर पैसा निकालने और रिटायरमेंट के बाद बचत का इस्तेमाल करने तक का तरीका बदल सकता है।

epfo 3.0 changes

ईपीएफओ की सेवाओं में होंगे बड़े बदलाव

क्या है EPFO 3.0

EPFO से जुड़ी सेवाओं के लिए यह एक नया प्लेटफॉर्म है। इसका मकसद EPFO की सेवाओं को बैंकिंग की तरह आसान, तेज और डिजिटल बनाना है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक लॉन्च डेट का ऐलान नहीं हुआ है। लेकिन, माना जा रहा है कि फरवरी 2027 में इसे लॉन्च किया जा सकता है। इसके अलावा पिछले दिनों, 19 नवंबर, 2026 को हुई CBT की 240वीं बैठक में PF निकासी से जुड़े कुछ अहम बदलावों को मंजूरी दी गई है।

बैंकिंग की तरह काम करेगा PF अकाउंट

EPFO 3.0 के तहत संगठन का पूरा टेक्नोलॉजी सिस्टम अपग्रेड किया जा रहा है। इसमें कोर बैंकिंग सॉल्यूशन (CBS) लागू करने की योजना है। इसका मतलब है कि PF खाताधारकों को अपने अकाउंट से जुड़ी सेवाओं के लिए अलग-अलग क्षेत्रीय कार्यालयों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। एक सेंट्रलाइज्ड सिस्टम के जरिए अकाउंट मैनेजमेंट, क्लेम और दूसरी सेवाओं को आसान बनाने की तैयारी है।

PF क्लेम का निपटारा होगा तेज

नए डिजिटल सिस्टम का एक बड़ा मकसद PF क्लेम के लिए कागजी कार्रवाई और मैनुअल प्रक्रिया कम करना है। जोखिम की जांच में सही पाए जाने वाले क्लेम ऑटोमैटिक प्रोसेस किए जा सकेंगे। सरकार की ओर से जारी डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, EPFO का लक्ष्य ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए क्लेम सेटलमेंट में लगने वाला समय घटाकर 3 दिन से कम करना है।

UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा

PF निकालने के लिए बार-बार ऑनलाइन क्लेम करने की जरूरत कम हो सकती है। EPFO UPI के जरिए PF की पात्र रकम निकालने की सुविधा पर काम कर रहा है। इसके लिए BHIM ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। बिजनेस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस सुविधा को दिसंबर 2026 के आखिर तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

ATM से भी निकाल सकेंगे PF का पैसा

UPI के अलावा ATM के जरिए PF की पात्र रकम निकालने की सुविधा भी EPFO 3.0 का हिस्सा हो सकती है। इसका फायदा उन लोगों को हो सकता है, जिन्हें अचानक पैसों की जरूरत पड़ती है। हालांकि, ATM से पैसा निकालने की सुविधा किस तरह काम करेगी, क्या इसके लिए अलग कार्ड मिलेगा और निकासी की सीमा कितनी होगी, इस पर अभी आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।

मोबाइल पर दिखेगा कितना पैसा निकाल सकते हैं

UPI आधारित सुविधा के साथ PF खाताधारकों को अपने अकाउंट की ज्यादा स्पष्ट जानकारी मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सदस्य अलग-अलग तरीके से ये जान सकेंगे कि PF खाते में कुल कितना बैलेंस है। उसमें से कितनी रकम निकालने के लिए पात्र हैं। खाते में कितना मिनिमम बैलेंस रखना जरूरी है। इससे सदस्यों को क्लेम करने से पहले ही यह समझने में मदद मिल सकती है कि वे कितनी रकम निकाल पाएंगे।

रिटायरमेंट पर किस्तों में मिलेगा PF

EPFO की 240वीं CBT बैठक में रिटायर होने वाले सदस्यों के लिए Systematic Withdrawal Plan (SWP) लाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। अभी रिटायरमेंट के बाद पात्र सदस्य अपना PF कॉर्पस एकमुश्त निकाल सकते हैं। नई सुविधा लागू होने पर उन्हें पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय नियमित किस्तों में लेने का विकल्प मिल सकता है।

10% मिनिमम बैलेंस रखना होगा

PF निकासी से जुड़ा एक बड़ा बदलाव मिनिमम बैलेंस की शर्त में किया गया है। 19 नवंबर की CBT बैठक में इसे 25% से घटाकर 10% करने को मंजूरी दी गई है। इसका मतलब है कि नए नियम लागू होने के बाद पात्र निकासी के मामले में सदस्य को अपने PF खाते में पहले के मुकाबले कम रकम रोककर रखनी होगी।

12 महीने का इंतजार नहीं

अभी तक नौकरी छोड़ने के बाद फाइनल PF सेटलमेंट के लिए 12 महीने की प्रतीक्षा अवधि लागू थी। CBT ने इसे घटाकर सिर्फ 2 महीने करने को मंजूरी दी है। इसका फायदा उन कर्मचारियों को मिल सकता है, जिन्होंने नौकरी छोड़ दी है और दोबारा ऐसी नौकरी में शामिल नहीं हुए हैं, जहां EPF लागू होता है। उदाहरण के लिए, किसी कर्मचारी ने नौकरी छोड़ दी और उसके बाद वह दोबारा रोजगार में नहीं आया। नई व्यवस्था लागू होने पर वह 12 महीने के बजाय 2 महीने बाद फाइनल PF निकासी के लिए आवेदन कर सकेगा, बशर्ते अन्य पात्रता शर्तें पूरी हों।

खुद भी जमा कर सकेंगे पैसा

EPFO एक ऐसी व्यवस्था पर काम कर रहा है, जिसमें सदस्य अपने UAN यानी यूनिवर्सल अकाउंट नंबर के जरिए सीधे PF खाते में स्वैच्छिक योगदान कर सकेंगे। अभी सामान्य तौर पर PF में कर्मचारी और नियोक्ता के जरिए योगदान जमा होता है। प्रस्तावित व्यवस्था में सदस्य को अतिरिक्त रकम जमा करने के लिए हर बार कंपनी के पेरोल सिस्टम पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसका फायदा ऐसे लोगों को हो सकता है, जो अपनी रिटायरमेंट बचत बढ़ाना चाहते हैं, लेकिन जिनकी आमदनी पारंपरिक सैलरी सिस्टम से नहीं आती।

ग्राहक की टिप से भी बढ़ सकती है PF बचत

यह बदलाव खास तौर पर गिग वर्कर्स, डिलीवरी पार्टनर्स और फ्रीलांसर्स के लिए अहम हो सकता है। EPFO ने तीसरे पक्ष के जरिए छोटे-छोटे योगदान यानी माइक्रो-कॉन्ट्रिब्यूशन की व्यवस्था का प्रस्ताव रखा है। उदाहरण के लिए, कोई डिलीवरी पार्टनर ग्राहक से टिप के तौर पर 50 या 100 रुपये प्राप्त करता है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत ऐसी रकम को भी UAN से जुड़े PF खाते में जमा करने का रास्ता बनाया जा सकता है। यानी किसी व्यक्ति की PF बचत में उसके नियोक्ता के अलावा दूसरे स्रोतों से भी योगदान आ सकता है।

PF के पैसे के निवेश में भी होगा बदलाव

PF खाताधारकों के लिए निकासी और डिजिटल सुविधाओं के अलावा निवेश से जुड़ा एक अहम फैसला भी लिया गया है। CBT ने EPFO को नए सालाना फंड इनफ्लो यानी फ्रेश एक्रीशन का अधिकतम 3% पात्र अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड (AIF) में लगाने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है।

End Article
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अध...

End of Feed