EPFO या कर्मचारी भविष्य निधि में हर महीने आपकी सैलरी का कुछ हिस्सा और कंपनी की ओर से कंट्रीब्यूशन जमा किया जाता है। ये सैलरीड लोगों के लिए एक तरह से बचत योजना भी है जो उनके एमर्जेन्सी फंड की तरह काम करती है। जरुरत होने पर आप इससे पैसे भी निकाल सकते हैं। लेकिन कई बार नौकरीपेशा लोग यह नहीं जान पाते कि उनकी PF राशि सही समय पर जमा हो रही है या नहीं। अगर आप भी जानना चाहते हैं कि आपकी कंपनी ने EPFO अकाउंट में पैसे जमा किए हैं या नहीं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। इसके लिए अच्छी खबर ये है कि आप अब घर बैठे ही अपने EPFO अकाउंट का बैलेंस और जमा राशि आसानी से चेक कर सकते हैं।
7.6 करोड़ EPFO मेंबर्स के लिए शुक्रवार को एक बड़ा अपडेट आया है, जिसमें बताया गया कि 2024-25 के लिए EPF पर मिलने वाले ब्याज को 8.5% पर बनाए रखा गया है। इससे पहले फरवरी 2024 में यह दर 8.15% से बढ़कर 8.25% कर दी गई थी। आइए आपको बताते हैं कि आप कैसे अपने EPFO अकाउंट का कंट्रीब्यूशन चेक कर सकते हैं?
EPFO पोर्टल के जरिए चेक करें
EPFO (Employees’ Provident Fund Organisation) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आप अपने PF बैलेंस की जानकारी आसानी से चेक कर सकते हैं। वेबसाइट पर ‘Our Services’ सेक्शन में जाएं और वहां से ‘For Employees’ पर क्लिक करें। इसके बाद ‘Member Passbook’ ऑप्शन चुनें और अपना UAN नंबर और पासवर्ड डालकर लॉगिन करें। लॉगिन करने के बाद आप अपनी पासबुक देख पाएंगे, जिसमें आपके PF बैलेंस और जमा राशि की पूरी जानकारी उपलब्ध होगी।
SMS के जरिए ऐसे चेक करें
- अगर आपका UAN नंबर एक्टिवेट है, तो आप SMS से भी बैलेंस चेक कर सकते हैं।
- अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से ‘EPFOHO UAN’ टाइप करें और इसे 7738299899 पर भेजें।
- कुछ ही समय में आपके PF बैलेंस की जानकारी SMS के जरिए मिल जाएगी।
मिस्ड कॉल से बैलेंस चेक करें
- EPFO ने मिस्ड कॉल की सुविधा भी दी है।
- अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड कॉल दें।
- कुछ ही सेकंड में आपके मोबाइल पर PF बैलेंस की जानकारी भेज दी जाएगी।
Umang ऐप के जरिए चेक करें
आप UMANG (Unified Mobile Application for New-age Governance) ऐप के जरिए भी अपने PF बैलेंस की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए पहले ऐप डाउनलोड करें, फिर उसमें ‘EPFO’ ऑप्शन चुनें और ‘Employee-Centric Services’ पर क्लिक करें। इसके बाद अपना UAN नंबर और OTP दर्ज करें। लॉगिन करने के बाद आप अपने PF बैलेंस और अन्य विवरण आसानी से देख सकते हैं।
ये भी पढ़ें: सेविंग अकाउंट से अगर किए ये 10 ट्रांजेक्शन तो आ जाएगा इनकम टैक्स का नोटिस, RBI का क्या है नियम
अगर ऊपर दिए गए तरीकों से जानकारी नहीं मिल रही है, तो आप सीधे अपनी कंपनी के HR डिपार्टमेंट से संपर्क कर सकते हैं। कंपनी का HR आपकी PF डिटेल्स आपको प्रदान करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि आपका पैसा सही तरीके से जमा हो रहा है।
इसके अलावा अपना UAN (Universal Account Number) एक्टिवेट करना बेहद जरूरी है। यह नंबर आपके कंपनी के HR से मिलेगा। यह सुनिश्चित करें कि आपका मोबाइल नंबर EPFO में रजिस्टर्ड हो। समय-समय पर अपनी पासबुक चेक करते रहें ताकि पता चलता रहे कि आपका PF सही समय पर जमा हो रहा है या नहीं।
