अगर आप शेयर बाजार से कमाई करते हैं तो इस खबर से आपको झटका लग सकता है। शेयर बाजार में आपने ऐसे कई स्टॉक्स देखें होंगे जिन्होंने लोगों को कम समय में बंपर रिटर्न दिया है। उन्ही में से एक है आरआरपी सेमीकंडक्टर (RRP Semiconductor)। RRP सेमीकंडक्टर के शेयरों ने पिछले 18 महीनों में निवेशकों को हैरान कर दिया है। अप्रैल 2024 में इस शेयर की कीमत केवल 15 रुपये थी, जो अक्टूबर 2025 तक बढ़कर 9,292.20 रुपये तक पहुंच गई। इसका मतलब है कि बीते 18 महीनों में इस शेयर ने लगभग 61,848% का जबरदस्त रिटर्न दिया है।
ये वही स्टॉक है जो बीते कुछ महीनों से निवेशक खरीदना भी चाह रहे हैं तो उन्हें नहीं मिल पा रहा है क्योंकि इसमें डेली 2 परसेंट का अपर सर्किट लग रहा है यानी इस शेयर के सारे वॉल्यूम खुलते ही बिक जा रहे हैं। अब ये स्टॉक मार्केट रेगुलेटर सेबी के भी रडार पर है और सेबी ने निवेशकों को इसको लेकर अलर्ट किया है। आइए जानते हैं आखिर क्यों?
कितना बढ़ा मार्केट कैप?
इस तेजी के साथ ही कंपनी की मार्केट कैप दो साल से भी कम समय में बढ़कर 12,659.69 करोड़ रुपये हो गई। मंगलवार को भी इसके शेयर 2% चढ़कर 9,478 रुपये पर बंद हुए। इस बीच यह अफवाह भी फैल गई थी कि क्रिकेट स्टार सचिन तेंदुलकर ने इस कंपनी के शेयर खरीदे हैं, जिससे निवेशकों में खरीदारी की होड़ मची। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया कि सचिन ने इस शेयर में कोई निवेश नहीं किया है।
सेबी ने जारी किया अलर्ट
आरआरपी सेमीकंडक्टर के शेयरों में इतनी तेजी आने के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने निवेशकों को सतर्क करते हुए अलर्ट जारी किया। बीएसई का कहना है कि इस शेयर में हुई तेजी कंपनी के फाइनेंशियल फंडामेंटल्स से मेल नहीं खाती और निवेशकों को सावधानी के साथ निवेश करना चाहिए। इसके अलावा, एक्सचेंज ने शेयर को इन्हैंस्ड सर्विलांस मैकेनिज्म (ESM) फ्रेमवर्क के तहत रखा है।
ESM फ्रेमवर्क उन शेयरों की निगरानी के लिए बनाया गया है जिनमें तेजी से उतार-चढ़ाव आता है। इस सिस्टम के तहत आरआरपी सेमीकंडक्टर का शेयर ट्रेड-फॉर-ट्रेड सेटलमेंट पर कारोबार करेगा, यानी इंट्राडे ट्रेडिंग की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही, इस शेयर का डेली प्राइस बैंड 2% तय किया गया है, ताकि अत्यधिक उतार-चढ़ाव को रोका जा सके।
एक साल में कितना दिया रिटर्न?
पिछले एक साल में इस शेयर ने निवेशकों को 13,054% का रिटर्न दिया है। केवल छह महीनों में इसकी बढ़त 1,135%, तीन महीनों में 248% और इस साल अब तक 4,909% रही है। इसके 52-हफ्ते का हाई 9,292.20 रुपये और लो 70.64 रुपये रहा है, जो इस शेयर की तेजी और असाधारण प्रदर्शन को दर्शाता है। आरआरपी सेमीकंडक्टर का यह प्रदर्शन निवेशकों के लिए आकर्षक है, लेकिन एक्सचेंज और SEBI की चेतावनी के बाद अब निवेशकों को इस शेयर में ज्यादा सतर्कता बरतनी चाहिए।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
