Elon Musk Again Become World Richest Person: ट्विटर के मालिक एलन मस्क एक बार फिर दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) की रियल टाइम रैकिंग के अनुसार मंगलवार को उनकी नेटवर्थ 187 अरब डॉलर पहुंच गई। और इसके साथ ही उन्होंने लक्जरी गुड्स कंपनी LMVH के मालिक बर्नार्ड अरनॉल्ट को पछाड़ दिया है। अरनॉल्ट इस समय 185 अरब डॉलर के साथ दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स हैं। पिछले साल दुनिया के सबसे अमीर शख्त का ताज गंवाने वाले मस्क को उनकी कंपनी टेस्ला के शेयर ने फिर से यह मुकाम हासिल करने में मदद की है। पिछले 2 महीने में टेस्ला के शेयरों में 90 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जिसकी वजह से मस्क की दौलत में करीब 4 लाख करोड़ का इजाफा हुआ और वह पहले नंबर पर पहुंच गए। इसके पहले 2021 में एलन मस्क की संपत्ति 200 अरब डॉलर से ज्यादा हो गई थी। और ऐसा करने वाले वह दुनिया के दूसरे शख्स थे।
इस साल 50 अरब डॉलर बढ़ी संपत्ति
एलन मस्क के लिए साल 2023 की शुरूआत बहुत अच्छी रही है। पिछले 2 महीने में उनकी संपत्ति में 50 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। वहीं अगर पिछले 24 घंटे में दौलत में इजाफे को देखा जाय तो उनकी दौलत 6.98 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। वहीं अरनॉल्ट की दौलत में पिछले 24 घंटों में 3.69 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। जिससे मस्क उनके आगे निकल गए। वहीं पिछले दो महीने में फ्रांस के अरबपति अरनॉल्ट की बात की जाय तो वह 2023 की शुरुआत से अब तक 23.30 अरब डॉलर बढ़ी है। इसकी वजह से मस्क ने यहां भी अरनॉल्ट से बाजी मारी है।
