RuPay Credit Card UPI MDR : UPI से जुड़े क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने वालों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि RuPay क्रेडिट कार्ड से UPI के जरिए किए गए भुगतान और बैंक की प्री-सेंक्शन क्रेडिट लाइन से किए गए UPI पेमेंट नए 0.4% मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) के दायरे में नहीं आएंगे। नया MDR ढांचा मुख्य रूप से सीधे बैंक अकाउंट से मर्चेंट के बैंक अकाउंट में किए जाने वाले UPI भुगतानों पर लागू होगा।
रूपे क्रेडिट कार्ड से भुगतान पर नहीं लगेगा MDR
15 अक्टूबर से लागू होगा नया UPI MDR
15 अक्टूबर, 2026 से ₹2,000 से ज्यादा के पर्सन टू मर्चेंट (Person-to-Merchant) यानी P2M UPI पेमेंट पर नया MDR लागू होगा। सामान्य श्रेणी के ऐसे लेनदेन पर 0.4% MDR तय किया गया है और बड़े भुगतान के लिए इसकी अधिकतम सीमा ₹300 प्रति ट्रांजैक्शन होगी। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि ग्राहक को अलग से UPI चार्ज देना होगा। MDR भुगतान व्यवस्था में मर्चेंट पक्ष से जुड़ा शुल्क है।
Credit Card से UPI पेमेंट क्यों है अलग?
RuPay Credit Card को UPI से लिंक करके किया गया भुगतान सामान्य बैंक अकाउंट से सीधे पैसा भेजने वाला ट्रांजैक्शन नहीं है। इसमें ग्राहक को बैंक की ओर से क्रेडिट सुविधा मिलती है। इसी तरह प्री-सेंक्शन्ड क्रेडिट लाइन से UPI भुगतान भी क्रेडिट प्रोडक्ट के तहत आता है। सरकार की तरफ से जारी स्पष्टीकरण के मुताबिक ऐसे ट्रांजैक्शन पर मौजूदा क्रेडिट कार्ड और क्रेडिट प्रोडक्ट से जुड़े नियम लागू रहेंगे, नया 0.4% MDR नहीं।
कुछ सेवाओं पर सिर्फ ₹5 MDR
₹2,000 से ज्यादा के कुछ खास UPI ट्रांजैक्शन के लिए 0.4% के बजाय ₹5 का सपाट MDR रखा गया है। इसमें रेलवे, टेलीकॉम, इंश्योरेंस और फ्यूल जैसी श्रेणियां शामिल हैं। यानी इस तरह के टांजैक्शन चाहे कितनी भी वैल्यू के होंगे, उन पर सिर्फ 5 रुपये MDR के वसूल किए जाएंगे।
कैपिटल मार्केट भुगतान पर सिर्फ 0.02%
कैपिटल मार्केट (Capital market) से जुड़े UPI भुगतान पर भी MDR लगाया गया है। मसलन, म्यूचुअल फंड, स्टॉक ब्रोकर एप या डीलर्स को किए जाने वाले भुगतान पर 0.02% या अधिकतम ₹300 प्रति ट्रांजैक्शन लागू होगा।
95% से ज्यादा पेमेंट दायरे से बाहर
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक नए MDR ढांचे के दायरे में मर्चेंट ट्रांजैक्शन का केवल एक छोटा हिस्सा आएगा। 95% से ज्यादा P2M UPI ट्रांजैक्शन इसके बाहर रहने की उम्मीद है, क्योंकि वे ₹2,000 या उससे कम के हैं। इसके अलावा स्माल मर्चेाट के लिए P2PM मॉडल में शून्य MDR की व्यवस्था भी जारी रहेगी। एक और अहम बदलाव यह है कि MDR कलेक्शन का 5% हिस्सा छोटे मर्चेंट के बीच UPI की स्वीकार्यता को बढ़ाने के लिए बनाए गए फंड में जाएगा।
