स्मार्टफोन आज हमारी दिनचर्या का सबसे अहम हिस्सा बन चुका है। हम दिन में कई बार अपने फोन को चार्ज करते हैं और फुल चार्ज होने पर उसे चार्जर से हटाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि फोन को चार्जिंग से निकालते समय आप किस तरह का तरीका अपनाते हैं? अक्सर लोग जल्दबाजी या अनजाने में चार्जर को फोन या सॉकेट से गलत तरीके से हटा देते हैं। पहली नजर में यह एक मामूली बात लग सकती है, लेकिन लंबे समय तक की गई यह एक छोटी सी लापरवाही आपके महंगे फोन, उसकी चार्जिंग केबल और बैटरी की उम्र को तेजी से कम कर सकती है।
फोन चार्जिंग से निकलते समय कहीं आप तो नहीं करते यह गलती?
क्या आप भी करते हैं ये गलती?
चार्जिंग से फोन निकालते समय सबसे आम और खतरनाक गलती केबल (तार) को पकड़कर खींचना है। ज्यादातर लोग प्लग या एडाप्टर को पकड़ने के बजाय सीधे तार को पकड़कर खींच देते हैं। ऐसा करने से केबल के अंदर मौजूद बारीक तांबे के तारों पर अत्यधिक खिंचाव पड़ता है, जिससे वे अंदर से टूट जाते हैं। इससे केबल में लूज कनेक्शन की समस्या पैदा हो जाती है और फोन स्लो चार्ज होने लगता है। इसके अलावा, बार-बार तार खींचने से फोन का चार्जिंग पोर्ट (C-Type या Lightning Port) भी ढीला हो सकता है, जिसे ठीक कराने में आपको भारी खर्च उठाना पड़ सकता है।
ये भी हैं बड़ी गलती
एक और बड़ी गलती फोन को अनप्लग करने से पहले स्विच ऑफ न करना या एडाप्टर को दीवार के सॉकेट में ही ऑन छोड़ देना है। कई लोग फोन को तो डेटा केबल से निकाल लेते हैं, लेकिन चार्जर का स्विच ऑन ही छोड़ देते हैं। इससे एडाप्टर में लगातार बिजली का प्रवाह बना रहता है, जिससे वह गर्म हो जाता है। यह न केवल बिजली की बर्बादी है, बल्कि इससे शॉर्ट सर्किट या चार्जर के जलने का खतरा भी बना रहता है। इसलिए हमेशा फोन निकालने से पहले या निकालने के तुरंत बाद मेन स्विच बंद करने की आदत डालनी चाहिए।
इसके साथ ही, फोन को निकालते समय उसे झटके से खींचना भी नुकसानदेह साबित होता है। अगर आप पिन को थोड़ा सा भी आड़ा-तिरछा करके खींचते हैं, तो फोन का इंटरनल चार्जिंग कनेक्टर डैमेज हो सकता है। फोन को सही तरीके से अनप्लग करने का नियम बेहद आसान है। हमेशा केबल के हेड (जो हिस्सा फोन या एडाप्टर में प्लग होता है) को अपनी उंगलियों से मजबूती से पकड़ें और सीधे बाहर की तरफ खींचें। तार पर कभी भी दबाव न डालें।
