वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (DFS) ने आज PSB एलायंस के सहयोग से एक नया कॉमन लैंडिंग पोर्टल लॉन्च किया है। यह पोर्टल खास तौर पर उन वित्तीय संपत्तियों की जानकारी देने के लिए बनाया गया है, जिनका अब तक कोई दावा नहीं किया गया है। इसका मकसद लोगों को ऐसी संपत्तियों की जानकारी आसानी से और एक ही जगह पर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी या अपने परिवार की बकाया वित्तीय संपत्तियों को खोजकर उनका दावा कर सकें।
https://www.unclaimedassetsportal.in पर मौजूद यह पोर्टल एक ऐसा साझा मंच है, जहां लोग बिना दावे वाले बैंक जमा, बीमा क्लेम, शेयर, डिविडेंड और म्यूचुअल फंड से जुड़ी जानकारी आसानी से खोज सकते हैं। इस पोर्टल की शुरुआत वित्तीय सेवा विभाग के सचिव एम. नागराजू ने 29 मई 2026 को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की समीक्षा बैठक के दौरान की थी।
लोगों में जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य
यह पहल वित्तीय सेवा विभाग द्वारा चलाए गए देशभर के अभियान “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” का हिस्सा है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियों के बारे में जागरूक करना, उन्हें खोजने में मदद करना और सही मालिक तक वापस पहुंचाना है। इसमें वित्तीय नियामक, बैंक और अन्य संबंधित संस्थाएं मिलकर काम कर रही हैं।
सुरक्षा और वित्तीय सेवा सचिव ने कहा कि यह पोर्टल लोगों की सुविधा को बेहतर बनाएगा, क्योंकि इसके जरिए एक ही जगह पर कई तरह की सर्च सुविधाएं मिलेंगी। इससे लोगों को उनकी खोई या बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियों को वापस पाने में मदद मिलेगी और इस दिशा में चल रहे प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।
आसानी से मिलेगी जानकारी
कॉमन लैंडिंग पोर्टल एक ऐसी वित्तीय व्यवस्था बनाने की दिशा में बड़ा कदम है, जो लोगों के लिए आसान, पारदर्शी और नागरिकों की जरूरतों के अनुसार हो। इस पहल से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी, जानकारी तक पहुंच आसान होगी और वित्तीय सशक्तिकरण व समावेशन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इससे लोगों का वित्तीय प्रणाली पर भरोसा भी मजबूत होगा और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।
