IEC 2023: इंडिया इकोनॉमिक कॉन्क्लेव 2023 के दूसरे दिन शुक्रवार को केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस और आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार के साथ देश से जुड़े अहम मामलों पर बातचीत की। नाविका कुमार ने हरदीप सिंह पुरी से सवाल किया कि देश की जीडीपी ग्रोथ 7.2 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे दुनियाभर के लोग सरकार की तारीफ तो कर रहे हैं लेकिन विपक्ष का एक भी आदमी मोदी सरकार से खुश नहीं है।
IEC 2023 के दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने हिस्सा लिया
हरदीप सिंह पुरी ने विपक्ष पर उठाए सवाल
इस सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष को जबरदस्त तरीके से घेरते हुए कहा कि किसी भी लोकतंत्र में सरकार का विरोध करना विपक्ष का अधिकार है। लेकिन इसके साथ ही कॉमनसेंस भी बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश में कुछ बढ़िया भी चल रहा है तो आप उसका विरोध कर रहे हैं। अगर वर्ल्ड बैंक, यूएन, RBI जैसी संस्थाओं का अनुमान है कि भारत की विकास दर 6.5 प्रतिशत या इससे ज्यादा होगी और आप अनुमान लगा रहे हैं कि भारत की विकास दर 5 प्रतिशत या इसके आसपास रहेगी। आप ऐसे देश की विकास दर को लेकर अनुमान लगा रहे हैं या कामना कर रहे हैं।
अच्छे आंकड़े आने पर भी विपक्ष खुश क्यों नहीं है
केंद्रीय मंत्री ने इसी सवाल के जवाब में आगे कहा कि अगर आप देश के विकास को लेकर ऐसा अनुमान लगा रहे हैं तो इसका मतलब ये हुआ कि आप नहीं चाहते कि हमारा देश बेहतर करे। हरदीप पुरी यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि लगातार जीएसटी कलेक्शन के शानदार आंकड़े सामने आ रहे हैं लेकिन आप ऐसे आंकड़े सामने आने पर खुश क्यों नहीं हैं।
कर्नाटक चुनाव को लेकर क्या बोले हरदीप सिंह पुरी
कर्नाटक में चुनाव हारने को लेकर पूछे गए सवाल पर हरदीप सिंह पुरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मुझे खुशी है कि हम कभी-कभी चुनाव हार भी जाते हैं वरना वे कहेंगे कि EVM ठीक से काम नहीं कर रहे।
2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर हरदीप सिंह ने कही ये बड़ी बात
हरदीप पुरी ने कहा कि जो संस्था शरिया लॉ लगाने की बात करती है, आप उन्हें सेक्युलर कहते है? कर्नाटक और हिमाचल में हम बेशक चुनाव हारे हों लेकिन हमारा वोट परसेंट कम नहीं हुआ है। 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर हरदीप पुरी ने कहा कि साल 2024 में जनता के पास दो मॉडल हैं- एक है मोदी डिकेड और दूसरा है फ्रीबीज पॉलिटिक्स। एक तरफ विपक्ष है जो इस जद्दोजहद में लगा है कि उनका नेता कौन होगा?
अरविंद केजरीवाल पर भी साधा निशाना
दिल्ली ऑर्डिनेंस को लेकर हरदीप पुरी ने कहा कि ये कहीं से भी दिल्ली के सीएम को स्वतंत्र रूप से काम करने से नहीं रोकता है। आप अधिकारी के कमरे पर रेड करते हैं जो शीशमहल केस में जांच कर रहे हैं और आप फाइल्स हटाते हैं। अगर आपके इशारे पर कोई नहीं चल रहा है तो आप उन्हें लॉक कर देते हैं, क्या ये लोकतंत्र है? केंद्र के किसी भी योजना मे जहां दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल इन्वॉल्व हैं, वहां इनका सबसे खराब परफोर्मेंस है।
