Smart SIP Strategy: आज के समय में लंबी अवधि में पैसा बनाने के लिए एसआईपी (Systematic Investment Plan) को एक लोकप्रिय निवेश विकल्प माना जाता है। SIP के जरिए हर महीने एक तय रकम म्यूचुअल फंड में निवेश की जाती है। इसमें बाजार से जुड़ा जोखिम रहता है और वास्तविक रिटर्न बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करता है। सवाल यह कि कम निवेश से लंबे समय में बड़ा फंड कैसे तैयार किया जा सकता है। इसे एक उदाहरण से समझ सकते हैं-
20 हजार की मंथली एसआईपी से 5 साल में ऐसे बनेगा 50 लाख का फंड (AI Generated Image)
मान लीजिए कोई व्यक्ति हर महीने 20,000 रुपये की SIP शुरू करता है। इसका मतलब है कि वह एक साल में कुल 2.40 लाख रुपये निवेश करेगा। अब अगर इस निवेश पर औसतन 12 प्रतिशत सालाना रिटर्न मिलने की कल्पना की जाए, तो अलग-अलग अवधि में बनने वाले फंड में काफी अंतर पाएंगे-
5 साल में कितना फंड बनेगा?
अगर 20,000 रुपये की मासिक SIP को 5 साल तक जारी रखा जाता है, तो कुल निवेश 12 लाख रुपये होगा। साथ ही, 12 प्रतिशत सालाना अनुमानित रिटर्न के आधार पर करीब 16,22,072 रुपये का फंड तैयार हो सकता है।
इसमें 12 लाख रुपये निवेश की गई रकम होगी, जबकि करीब 4,22,072 रुपये अनुमानित रिटर्न होगा। यानी केवल 5 साल में निवेश की गई रकम के ऊपर 4 लाख रुपये से ज्यादा का संभावित रिटर्न दिखाई देता है।
10 साल में बढ़ेगा निवेश का असर
अब अगर यही SIP 10 साल तक जारी रखी जाती है, तो निवेश की कुल रकम बढ़कर 24 लाख रुपये हो जाएगी। वहीं, 12 प्रतिशत के अनुमानित सालाना रिटर्न के आधार पर कुल फंड करीब 44,80,718 रुपये हो सकता है।
इसमें 24 लाख रुपये आपका कुल निवेश होगा, जबकि लगभग 20,80,718 रुपये अनुमानित रिटर्न होगा। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि 5 साल की तुलना में अगले 5 साल में फंड की ग्रोथ काफी तेज दिखाई देती है। इसकी बड़ी वजह लंबे समय तक मिलने वाला कंपाउंडिंग का फायदा है।
15 साल में करीब 95 लाख का फंड
अगर निवेशक अपनी 20,000 रुपये की मासिक SIP को 15 साल तक बिना रोके जारी रखता है, तो कुल निवेश 36 लाख रुपये होगा। 12 प्रतिशत के अनुमानित सालाना रिटर्न के आधार पर करीब 95,18,628 रुपये का फंड तैयार हो सकता है। यानी 36 लाख रुपये की अपनी निवेश राशि पर अनुमानित रिटर्न करीब 59,18,628 रुपये हो सकता है। इस तरह कुल फंड लगभग 95 लाख रुपये के स्तर तक पहुंच सकता है।
| निवेश की अवधि | कुल निवेश | अनुमानित रिटर्न | अनुमानित कुल फंड |
|---|---|---|---|
| 5 साल | ₹12,00,000 | ₹4,22,072 | ₹16,22,072 |
| 10 साल | ₹24,00,000 | ₹20,80,718 | ₹44,80,718 |
| 15 साल | ₹36,00,000 | ₹59,18,628 | ₹95,18,628 |
ऐसे बना 5 साल में 50 लाख का फंड
इस उदाहरण में हम देखते हैं कि 10 साल के अंत में फंड करीब 44.80 लाख रुपये था। वहीं 15 साल के अंत में यही फंड बढ़कर करीब 95.18 लाख रुपये हो गया। यानी केवल अगले 5 साल में फंड में लगभग 50.38 लाख रुपये का इजाफा दिखाई देता है।
हालांकि, इन 5 वर्षों में निवेशक ने सिर्फ 12 लाख रुपये अतिरिक्त निवेश किए। बाकी वृद्धि अनुमानित रिटर्न और कंपाउंडिंग के प्रभाव से आती है। यही वजह है कि SIP में लंबी अवधि तक निवेश बनाए रखना महत्वपूर्ण माना जाता है।
