Budget 2023: जिस तरह एक परिवार का बजट उस घर की कुल इनकम और खर्चे का लेखा- जोखा होता है, उसी तरह केंद्रीय बजट किसी देश की सालाना रिपोर्ट होती है। इसमें एक विशेष वित्तीय वर्ष के अंत के लिए केंद्र सरकार का राजस्व और व्यय शामिल होता है। वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल से शुरू होकर 31 मार्च तक चलता है। किसी देश का बजट सभी स्रोतों से प्राप्त राजस्व और सभी गतिविधियों के खर्चों को ध्यान में रखता है। केंद्रीय बजट में रेवेन्यू बजट और कैपिटल बजट शामिल होते हैं। नीति आयोग और अन्य संबंधित मंत्रालयों के परामर्श से वित्त मंत्रालय की ओर से दस्तावेज तैयार किया जाता है। केंद्रीय बजट को प्रस्तुति करने के बाद संसद के दोनों सदनों द्वारा इसे पारित किया जाता है।
Budget 2023: जानिए कौन, किस दिन और किस समय पेश करेगा देश का बजट
इस साल कब पेश होगा केंद्रीय बजट?
केंद्रीय बजट हर साल 1 फरवरी को संसद के बजट सत्र के दौरान पेश (Budget 2023 Date) किया जाता है। इस साल का बजट सत्र 31 जनवरी को शुरू होकर अप्रैल में खत्म हो सकता है। मालूम हो कि साल 2016 तक बजट फरवरी के आखिरी दिन पेश किया जाता था। हालांकि, बजट पेश करने की तारीख साल 2017 से बदल गई।
किस समय पर पेश होगा केंद्रीय बजट 2023?
वित्त वर्ष 2023-24 का केंद्रीय बजट 1 फरवरी 2023, बुधवार को सुबह 11:00 बजे (Budget 2023 Time) लोकसभा में पेश किया जाएगा। बजट सत्र दो चरणों में समाप्त होता है - पहली छमाही 31 जनवरी से 11 फरवरी तक और दूसरी मार्च के मध्य से अप्रैल की शुरुआत तक हो सकती है।
कौन पेश करेगा केंद्रीय बजट 2023?
हर साल वित्त मंत्री की ओर से देश का बजट पेश किया जाता है। इस साल वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) 1 फरवरी को देश का बजट पेश करेंगी। मालूम हो कि वित्त वर्ष 2023-24 का बजट केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण का पांचवां केंद्रीय बजट होगा।
