Bank Holiday Today : देश की राजधानी नई दिल्ली में आज 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन चल रहा है। इसके चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ट्रैफिक में बदलाव और सरकारी कार्यालयों में छुट्टी की घोषणा के बाद आम लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या आज शुक्रवार 11 सितंबर को देश भर में बैंक बंद रहेंगे? इसके साथ ही बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल से भी ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। आइए जानते हैं 11 सितंबर को बैंकिंग सेवाओं की स्थिति क्या रहेगी और आने वाले दिनों में छुट्टियों का क्या शेड्यूल है।
जानिए आज कहां-कहां बैंक बंद हैं?
क्या 11 सितंबर को देश भर में बैंक बंद रहेंगे?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आधिकारिक छुट्टी कैलेंडर के अनुसार, 11 सितंबर को पूरे देश में सरकारी बैंक बंद नहीं हैं। केवल राजस्थान में जयपुर नगर निगम क्षेत्र में होने वाले चुनावों के कारण स्थानीय स्तर पर बैंक अवकाश रहेगा। राजधानी दिल्ली की बात करें तो ब्रिक्स सम्मेलन के कारण यातायात प्रतिबंध और सुरक्षा जरूर बढ़ाई गई है, लेकिन आरबीआई ने दिल्ली के लिए 11 सितंबर को बैंक अवकाश घोषित नहीं किया है। यानी सरकारी आदेश के तहत दिल्ली में बैंक शाखाएं बंद नहीं हैं।
बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल का क्या असर होगा?
आरबीआई के कैलेंडर के अलावा 11 सितंबर को बैंकों के कामकाज पर देशव्यापी हड़ताल का बड़ा असर पड़ सकता है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) ने आज के दिन एक दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। यह संगठन देश के करीब 90 प्रतिशत से अधिक बैंक कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करता है। बैंक कर्मचारी मुख्य रूप से हफ्ते में 5 दिन काम करने की पुरानी मांग, संशोधित परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना और अन्य लंबित मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। अगर यूनियनों की मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो उन्होंने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल और 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी है।
किन प्रमुख बैंकों ने जारी की है एडवाइजरी?
हड़ताल के कारण भारतीय स्टेट बैंक (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), यूको बैंक, इंडियन बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र जैसे प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने अपने ग्राहकों के लिए पूर्व सूचना जारी की है। बैंकों का कहना है कि वे शाखाओं में सामान्य कामकाज बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध कर रहे हैं, लेकिन फिर भी बैंक सेवाओं और काउंटर से जुड़े कार्यों पर आंशिक या पूर्ण असर पड़ सकता है। इसलिए चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट और कैश जमा जैसी सेवाओं में देरी की आशंका जताई गई है।
गुजरात में लगातार 3 दिनों तक ठप रह सकती हैं सेवाएं
गुजरात के बैंक ग्राहकों को 11 सितंबर से लगातार 3 दिनों तक बैंकिंग असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। वहां 'महा गुजरात बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन' (MGBEA) ने 11 से 13 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण नियमित बैंक अवकाश है और 13 सितंबर को रविवार की साप्ताहिक छुट्टी है। इस वजह से राज्य में लगातार तीन दिनों तक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की करीब 5,400 शाखाओं में कामकाज ठप रहने की संभावना है। एसोसिएशन के अनुसार, इस हड़ताल में लगभग 75,000 कर्मचारी शामिल हो रहे हैं, जिससे करीब 15,000 करोड़ रुपये के वित्तीय लेनदेन प्रभावित हो सकते हैं।
सितंबर महीने में आगे आने वाली बैंक छुट्टियां
11 सितंबर के अलावा सितंबर महीने में राज्यों के त्योहारों के हिसाब से कई अन्य बैंक छुट्टियां भी निर्धारित हैं:-
- 12 सितंबर: असम में श्रीमंत शंकरदेव की तिरोभाव तिथि के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे। (इसके अलावा देश भर में महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण भी नियमित छुट्टी रहेगी।)
- 14 सितंबर: गणेश चतुर्थी और इससे जुड़े उत्सवों के कारण देश के कई राज्यों में बैंक अवकाश रहेगा।
- 15 सितंबर: संवत्सरी, नुआखाई और गणेश चतुर्थी के दूसरे दिन के अवसर पर गुजरात, ओडिशा और गोवा में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
- 21, 22, 23 और 25 सितंबर: इन तिथियों पर भी विभिन्न राज्यों में स्थानीय पर्वों के आधार पर छुट्टियां रहेंगी।
इसके अतिरिक्त, सामान्य नियम के अनुसार देश के सभी बैंक प्रत्येक रविवार और महीने के दूसरे व चौथे शनिवार को नियमित रूप से बंद रहते हैं।
डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी चालू
बैंक शाखाओं में काम प्रभावित होने के बावजूद ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। एटीएम (ATM), यूपीआई (UPI), इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी। ऑनलाइन फंड ट्रांसफर (NEFT/RTGS/IMPS) के जरिए पैसे का लेन-देन आसानी से किया जा सकेगा। हालांकि, जिन कामों के लिए व्यक्तिगत रूप से बैंक शाखा जाना जरूरी है, उनके लिए जाने से पहले अपनी स्थानीय बैंक शाखा का शेड्यूल और हड़ताल का अपडेट जरूर चेक कर लें।
