Five Star Hotel Construction: सोमवार को बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम, पटना के दारोगा राय पथ स्थित सिख हेरिटेज भवन के सभाकक्ष में मंत्री, पर्यटन विभाग, राजू कुमार सिंह की उपस्थिति में होटल पाटलिपुत्र अशोक की भूमि पर पांच सितारा होटल निर्माण हेतु चयनित निविदादाता, ITC Hotels Ltd. एवं बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के मध्य एकरारनामा संपन्न हुआ। मंत्री जी ने बताया कि राजधानी पटना में पर्यटकों के गुणवत्तापूर्ण आवासन हेतु राज्य सरकार जन-निजी भागीदारी के तहत कुल तीन पांच सितारा होटल का निर्माण कराएगी। पहला होटल ITC समूह द्वारा आगामी चार वर्षों में बनाया जाएगा।
बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम और चयनित निविदादाता और आईटीसी के मध्य समझौता प्रपत्र पर किया गया हस्ताक्षर।
निविदा चयन और परियोजना का विवरण
पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि होटल पाटलिपुत्र अशोक की 1.5 एकड़ भूमि पर कम से कम 140 कमरों वाले टॉप लग्जरी पांच सितारा होटल के संचालन के लिए मेसर्स कुमार इंफ्राट्रेड एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड को पहले ही लेटर ऑफ अवार्ड (LOA) जारी किया जा चुका है। चयनित एजेंसी ने ITC को इस होटल के संचालन के लिए चुना, और आज BSTDC के साथ करार संपन्न हुआ।
अन्य पांच सितारा होटल परियोजनाएं
गांधी मैदान स्थित बांकीपुर बस स्टैंड परिसर में पांच सितारा होटल निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बीरचंद पटेल पथ स्थित सुल्तान पैलेस की भूमि पर हेरिटेज भवन को ध्यान में रखते हुए कला संस्कृति एवं युवा विभाग की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है, जिसके रिपोर्ट के बाद ही कंपनियों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। राजगीर में दो और वैशाली में एक पांच सितारा होटल निर्माण की प्रक्रिया जारी है। वाल्मीकि नगर के भवन निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में पांच सितारा होटल निर्माण हेतु योग्य कंपनी को निविदा प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
कंपनी प्रतिनिधियों के बयान
कुमार इंफ्राट्रेड के निदेशक मनीष कुमार ने बताया कि बोधगया में ITC होटल ने होटल संचालक का कार्य शुरू कर दिया है और आज पटना में ITC के साथ समझौता किया गया। ITC समूह के एचडी अनिल चड्ढा ने कहा कि तय समय सीमा चार वर्षों के अंदर पाँच सितारा होटल का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर BSTDC के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर, पर्यटन निदेशक सह विशेष सचिव उदयन मिश्रा, महाप्रबंधक श्री चंदन चौहान सहित सभी विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। होटल निर्माण आधारभूत संरचना विकास अधिनियम 2023 के अनुसार होगा। होटल निर्माण आधारभूत संरचना विकास सामर्थ्यकारी (इनेबलिंग) संशोधन अधिनियम 2023 के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।
होटल पाटलिपुत्र अशोक के हस्तांतरण एवं निविदा प्रक्रिया
भारत पर्यटन विकास निगम, नई दिल्ली से होटल पाटलिपुत्र अशोक का हस्तांतरण पर्यटन विभाग / बिहार स्टेट टूरिज्म डेवपलमेंट कॉरपोरेशन को हुआ। राज्य सरकार ने आधुनिक सुविधाओं वाला पांच सितारा होटल निर्माण हेतु निर्णय लिया। चयनित Transaction Advisor द्वारा तैयार RFP एवं Concession Agreement के अनुसार निविदा हेतु विज्ञापन प्रकाशित किया गया। कुल पाँच निविदादाताओं ने निविदा दी, जिनमें से चार तकनीकी रूप से सफल रहे। वित्तीय बिड में "Kumar Infratrade Enterprises Pvt. Ltd." ने सर्वाधिक ₹7.57 करोड़ + GST Yearly License Premium (YLP) प्रस्तावित किया।
निविदा शर्तें एवं भुगतान डिटेल
निविदादाता को 1.5 एकड़ भूमि के लिए 28.5 करोड़ रुपये (MVR) LOA निर्गत तिथि से 11 वर्षों में ब्याज सहित जमा करना होगा। Yearly License Premium में प्रत्येक पाँच वर्षों के बाद 10% वृद्धि होगी। LOA की शर्तें पूरी होने के बाद आज दिनांक 01.09.2025 को होटल पाटलिपुत्र अशोक स्थल पर PPP के माध्यम से ITC Hotels, Kumar Infratrade Enterprises Pvt. Ltd. एवं BSTDC के बीच एकरारनामा हुआ। प्रस्तावित पांच सितारा होटल में 140 कमरे होंगे।
