Senior Citizens FD : बढ़ती महंगाई और ब्याज दरों में संभावित कटौती की चर्चा के बीच वरिष्ठ नागरिकों के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) अभी भी सुरक्षित और भरोसेमंद निवेश का विकल्प बना हुआ है। अच्छी बात यह है कि 9 बैंक ऐसे हैं जो वरिष्ठ नागरिकों को 8% या उससे अधिक ब्याज दे रहे हैं। खास बात यह है कि इनमें अधिकांश Small Finance Banks (SFBs) शामिल हैं। पैसा बाजार के आंकड़ों के अनुसार, अगर सही अवधि का चुनाव किया जाए तो वरिष्ठ नागरिक बेहतर रिटर्न हासिल कर सकते हैं।
सीनियर सिटजन्स के लिए एफडी रेट
इन बैंकों में मिल रहा है 8% या उससे ज्यादा ब्याज
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सबसे ज्यादा ब्याज Equitas Small Finance Bank और Shivalik Small Finance Bank दे रहे हैं। दोनों बैंक चुनिंदा अवधि की एफडी पर 8.50% सालाना ब्याज (Fixed Deposit Rates) ऑफर कर रहे हैं। इसके अलावा Jana Small Finance Bank और Ujjivan Small Finance Bank 8.30% ब्याज दे रहे हैं। वहीं ESAF Small Finance Bank, Suryoday Small Finance Bank और Utkarsh Small Finance Bank 8.25% तक की ब्याज दर दे रहे हैं। इस सूची में DCB Bank इकलौता निजी क्षेत्र का बैंक है, जो वरिष्ठ नागरिकों को 8% ब्याज दे रहा है।
स्मॉल फाइनेंस बैंक क्यों हैं सबसे आगे?
रिपोर्ट के मुताबिक, स्मॉल फाइनेंस बैंक लगातार बड़े सरकारी और निजी बैंकों से ज्यादा ब्याज दे रहे हैं। इन बैंकों का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा जमा (Deposit) आकर्षित करना है, इसलिए ये आकर्षक एफडी स्कीम लेकर आते हैं।
दूसरी ओर बड़े निजी बैंकों की बात करें तो Axis Bank 7.25%, HDFC Bank 7%, ICICI Bank 7.10%, Kotak Mahindra Bank 7.30%, IndusInd Bank और YES Bank 7.75%, जबकि IDFC FIRST Bank 7.60% तक ब्याज दे रहे हैं। यानी बड़े निजी बैंक भी 8% के स्तर से नीचे हैं।
सरकारी बैंकों में कितनी मिल रही है ब्याज दर?
सरकारी बैंकों की ब्याज दरें भी स्मॉल फाइनेंस बैंकों से कम हैं। इस समय सरकारी बैंकों में सबसे ज्यादा Bank of India 7.45% ब्याज दे रहा है। इसके बाद Punjab & Sind Bank 7.35%, Indian Bank 7.30%, Bank of Baroda 7.25%, Central Bank of India 7.20%, Union Bank of India और Bank of Maharashtra 7.15%, Canara Bank और Punjab National Bank 7.10%, जबकि State Bank of India (SBI) 7.05% तक ब्याज दे रहा है।
इस तरह स्मॉल फाइनेंस बैंक और सरकारी बैंकों की अधिकतम ब्याज दरों में करीब 1.05% का अंतर है।
किस अवधि की FD पर मिल रहा है सबसे ज्यादा फायदा?
रिपोर्ट बताती है कि सबसे ज्यादा ब्याज पाने के लिए लंबी अवधि की एफडी जरूरी नहीं है। ज्यादातर बैंक 2 से 3 साल की अवधि वाली एफडी पर सबसे बेहतर रिटर्न दे रहे हैं। उदाहरण के लिए, Equitas SFB तीन साल एक दिन की एफडी पर 8.5% ब्याज देता है। Shivalik SFB 23 से 27 महीने की एफडी पर 8.5% ब्याज दे रहा है। Jana SFB, ESAF SFB और Utkarsh SFB भी लगभग 2 से 3 साल की अवधि पर सबसे ज्यादा ब्याज ऑफर कर रहे हैं। इसलिए एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिलहाल 24 से 36 महीने की एफडी सबसे बेहतर विकल्प हो सकती है।
80 साल से ज्यादा उम्र वालों को अतिरिक्त फायदा
कई बैंक 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के ग्राहकों यानी Super Senior Citizens को अतिरिक्त ब्याज भी देते हैं। Indian Bank, Union Bank of India, Indian Overseas Bank और Jammu & Kashmir Bank वरिष्ठ नागरिकों की सामान्य दर से 0.25% अतिरिक्त ब्याज देते हैं। वहीं Punjab National Bank पांच साल तक की एफडी पर 0.30% अतिरिक्त ब्याज देता है। Bank of Baroda, Canara Bank और Punjab & Sind Bank भी कुछ चुनिंदा अवधियों पर अतिरिक्त लाभ देते हैं।
क्या सिर्फ ज्यादा ब्याज देखकर FD करानी चाहिए?
वित्तीय एक्सपर्ट्स का कहना है कि केवल सबसे ज्यादा ब्याज दर देखकर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए। बैंक की वित्तीय स्थिति, जमा की अवधि, आपकी जरूरत और सुरक्षा जैसे पहलुओं को भी ध्यान में रखना जरूरी है। स्मॉल फाइनेंस बैंक भी DICGC के तहत प्रति बैंक 5 लाख रुपये तक की जमा राशि (मूलधन और ब्याज सहित) पर बीमा सुरक्षा देते हैं। यदि किसी निवेशक की राशि इससे अधिक है, तो उसे अलग-अलग बैंकों में एफडी कराने पर विचार करना चाहिए।
महंगाई को भी रखें ध्यान में
विशेषज्ञों का कहना है कि 8% या 8.5% ब्याज आकर्षक जरूर लगता है, लेकिन निवेश करते समय महंगाई का असर भी समझना जरूरी है। यदि महंगाई दर ज्यादा रहती है, तो वास्तविक रिटर्न कम हो सकता है। यही वजह है कि सलाहकार लंबी अवधि में केवल एफडी पर निर्भर रहने के बजाय निवेश का डायवर्सिफिकेशन करने की सलाह देते हैं। एफडी सुरक्षित आय और पूंजी संरक्षण के लिए बेहतर विकल्प है, लेकिन लंबी अवधि में बेहतर संपत्ति बनाने के लिए निवेशकों को अपनी जोखिम क्षमता के अनुसार इक्विटी या इक्विटी म्यूचुअल फंड जैसे विकल्पों पर भी विचार करना चाहिए।
