Bank Holiday Today : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की छुट्टियों की लिस्ट के अनुसार 26 जून को मुहर्रम (Muharram 2026) के मौके पर देश के कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। खास बात यह है कि मुहर्रम के बाद चौथा शनिवार और फिर रविवार पड़ने के कारण कई राज्यों में बैंक लगातार तीन दिनों तक बंद रहेंगे। इससे ग्राहकों को नकद निकासी, चेक जमा करने और अन्य शाखा से जुड़े कामों में परेशानी हो सकती है।
आज कहां और क्यों बंद रहेंगे बैंक
किन राज्यों में बैंक खुले रहेंगे?
RBI की जारी छुट्टी लिस्ट के मुताबिक 26 जून को कुछ राज्यों में बैंक खुले रहेंगे। इनमें गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, असम, मणिपुर, सिक्किम, नागालैंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मिजोरम, मेघालय और ओडिशा शामिल हैं। इन राज्यों में ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से मिलती रहेंगी।
इन राज्यों में बैंक रहेंगे बंद
दूसरी ओर, देश के कई बड़े राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इनमें त्रिपुरा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड और आंध्र प्रदेश शामिल हैं। इन राज्यों में बैंक शाखाओं में कोई कामकाज नहीं होगा।
लगातार तीन दिन बंद रहने से बढ़ सकती है परेशानी
26 जून को मुहर्रम की छुट्टी के बाद 27 जून को चौथा शनिवार और 28 जून को रविवार है। बैंकिंग नियमों के अनुसार दूसरा और चौथा शनिवार बैंक अवकाश रहता है। ऐसे में जिन राज्यों में 26 जून को बैंक बंद रहेंगे, वहां बैंक लगातार तीन दिन तक बंद रहेंगे। इसका असर उन ग्राहकों पर पड़ सकता है जो शाखा में जाकर काम करते हैं। हालांकि, इस दौरान ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई, एटीएम और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी। यानी डिजिटल लेनदेन में कोई दिक्कत नहीं आएगी।
मुहर्रम का क्या है महत्व?
मुहर्रम इस्लाम धर्म का एक बेहद पवित्र महीना माना जाता है। इसे इस्लाम के चार पवित्र महीनों में शामिल किया गया है। इस महीने की 10वीं तारीख को आशूरा मनाया जाता है, जिसका मुस्लिम समुदाय में खास महत्व है। सुन्नी मुस्लिम इस दिन को पैगंबर मूसा और उनके अनुयायियों की फिरौन से मुक्ति की याद में मानते हैं। इस दिन रोजा रखने की परंपरा भी है, जिसे पैगंबर मोहम्मद ने भी अपनाया था। वहीं शिया मुस्लिमों के लिए आशूरा गहरे शोक का दिन होता है। यह दिन इमाम हुसैन की शहादत की याद में मनाया जाता है, जो पैगंबर मोहम्मद के नवासे थे। इमाम हुसैन की 680 ईस्वी में कर्बला की जंग में शहादत हुई थी।
RBI कैसे तय करता है बैंक छुट्टियां?
भारत में बैंक छुट्टियों की लिस्ट हर साल RBI द्वारा जारी की जाती है। यह सूची नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत तय की जाती है। इसमें राष्ट्रीय और राज्य स्तर की छुट्टियां शामिल होती हैं। कई बार अलग-अलग राज्यों की परंपराओं और त्योहारों के हिसाब से छुट्टियां अलग होती हैं।
मुहर्रम के बाद अगली छुट्टियां कब?
मुहर्रम के बाद जून महीने में अगली बैंक छुट्टी 29 जून को होगी। इस दिन हिमाचल प्रदेश में संत गुरु कबीर जयंती के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 30 जून को मिजोरम में ‘रेमना नी’ के कारण बैंक अवकाश रहेगा। ऐसे में अगर आपका कोई जरूरी बैंकिंग काम है, तो शाखा बंद होने से पहले उसे निपटा लेना बेहतर रहेगा।
