Adani Power Dues on Bangladesh: अडानी पावर को बांग्लादेश से करीब 900 मिलियन डॉलर (करीब 7,500 करोड़ रुपये) लेने हैं, जहां कंपनी झारखंड में अपने गोड्डा पावर प्लांट से बिजली की आपूर्ति करती है। कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (सीएफओ) दिलीप झा ने अर्निंग कॉल में कहा है कि अभी तक हमने (अडानी पावर) कुल बिलिंग करीब 2,000 मिलियन डॉलर की कर दी है। हमें इसमें से 1,207 मिलियन डॉलर पहले ही मिल चुके हैं और हमने 136 मिलियन डॉलर का एलपीएस (लेट पेमेंट सरचार्ज) भी बिल किया है।
ये भी पढ़ें -
कितने कैपेक्स का है प्लान
झा ने कहा कि अब तक एलपीएस समेत सकल आधार पर कंपनी का बकाया करीब 900 मिलियन अमेरिकी डॉलर है। कंपनी के कैपेक्स प्लान के बारे में झा ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 26 के लिए अधिक कैपेक्स के लिए 13,307 करोड़ रुपये की योजना बनाई है, जो वित्त वर्ष 25 में पहले ही खर्च किए गए 8,000 करोड़ रुपये से अधिक है।
बिजली सप्लाई रुकी या नहीं
ईटी की रिपोर्ट के अनुसार अडानी पावर के सीईओ एस बी ख्यालिया ने आगे कहा कि कंपनी बांग्लादेश को पूरी बिजली की आपूर्ति कर रही है और उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि समस्या इस स्तर की है कि उसे आपूर्ति रोकनी पड़ेगी।
ख्यालिया ने एक सवाल (क्या अडानी पावर ने बकाया भुगतान के कारण बांग्लादेश को पावर सप्लाई बंद कर दी है) के जवाब में कहा कि पिछली तिमाही में बकाया राशि में करीब 500 करोड़ रुपये की कमी आई है। इसलिए, अब कंपनी को जो भुगतान मिल रहा है, वह मासिक बिलिंग से अधिक है।
