अज़रबैजान (Azerbaijan) जिसे 'लैंड ऑफ फायर' भी कहा जाता है, आजकल भारतीय पर्यटकों के लिए एक पसंदीदा डेस्टिनेशन बन चुका है। अपनी खूबसूरत वास्तुकला, कम बजट और आसान ई-वीजा के कारण हर साल हजारों भारतीय बाकू (Baku) की सैर पर जाते हैं। लेकिन जब बात विदेश यात्रा की होती है, तो सबसे बड़ी उलझन 'कैश' और 'एटीएम ट्रांजैक्शन' को लेकर होती है। कई पर्यटकों को लगता है कि वहां एटीएम से पैसे निकालने पर कोई टैक्स लगता है क्या। तो चलिए जानते हैं कि अज़रबैजान (Azerbaijan tourism) में पैसे निकालने पर आपकी जेब पर कितना बोझ पड़ता है।
क्या एटीएम से पैसे निकालने पर टैक्स लगता है?
सबसे पहले यह जान लेना जरूरी है कि अज़रबैजान में एटीएम से पैसे निकालने पर कोई 'सरकारी टैक्स' नहीं देना होता है। हालांकि, यह पूरी तरह मुफ्त भी नहीं है। जब आप अपने भारतीय डेबिट या क्रेडिट कार्ड को वहां के एटीएम में इस्तेमाल करते हैं, तो आपसे मुख्य रूप से तीन तरह के शुल्क लिए जाते हैं: स्थानीय बैंक की फीस, आपके अपने बैंक (भारतीय बैंक) का शुल्क और करेंसी कन्वर्जन फीस। इन सबको मिलाकर ही आपकी कुल लागत तय होती है।
अजरबैजान में ATM कैश निकालने पर टैक्स
अज़रबैजान की एक अच्छी बात यह है कि वहां के कई बड़े बैंक विदेशी कार्ड से पैसे निकालने पर अपनी तरफ से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लेते हैं। साल 2026 के आंकड़ों के अनुसार, अगर आप Premium Bank, Azerbaijan Senaye Banki (ASB), Expressbank, या ABB (International Bank of Azerbaijan) के एटीएम का इस्तेमाल करते हैं, तो वे अक्सर 0 फीस चार्ज करते हैं। हालांकि, कुछ अन्य बैंक प्रति ट्रांजैक्शन 1% से 3% तक या लगभग 3 से 5 डॉलर (250-400 रुपये) चार्ज कर सकते हैं। इसलिए हमेशा बैंक के नाम और एटीएम पर लिखी जानकारी को पढ़कर ही पैसे निकालें।
असली खर्चा आपके अपने देश के बैंक की तरफ से आता है। जब आप विदेश में पैसा निकालते हैं, तो भारतीय बैंक आमतौर पर 'विदेशी लेनदेन शुल्क' (Foreign Transaction Fee) लेते हैं, जो निकासी राशि का 2.5% से 3.5% तक हो सकता है। इसके अलावा, हर बार एटीएम इस्तेमाल करने पर एक निश्चित शुल्क भी लगता है, जो 125 रुपये से 200 रुपये के बीच होता है। इस पर 18% GST भी अलग से देना पड़ता है। इसलिए बार-बार छोटी रकम निकालने के बजाय, एक बार में बड़ी रकम निकालना ज्यादा समझदारी है।
एटीएम स्क्रीन पर आपको अक्सर एक विकल्प मिलता है कि क्या आप ट्रांजैक्शन को अपनी घरेलू मुद्रा (INR) में देखना चाहते हैं या स्थानीय मुद्रा (AZN) में। यहां पर्यटक अक्सर गलती कर बैठते हैं। हमेशा AZN (अज़रबैजानी मानत) का चुनाव करें। अगर आप INR चुनते हैं, तो एटीएम 'डायनेमिक करेंसी कन्वर्जन' (DCC) लागू करता है, जिसकी एक्सचेंज रेट बहुत खराब होती है और आपको 1% से 2% अतिरिक्त शुल्क चुकाना पड़ सकता है।
हर साल कितने टूरिस्ट आते हैं?
अज़रबैजान में पर्यटकों की संख्या में पिछले कुछ वर्षों में जबरदस्त उछाल देखा गया है। साल 2025 के आंकड़ों के अनुसार, लगभग 25.7 लाख (2.57 million) विदेशी नागरिक अज़रबैजान पहुंचे, जिनमें से करीब 18 लाख लोग विशुद्ध रूप से पर्यटन के उद्देश्य से आए थे। इनमें भारतीय पर्यटकों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है, जो अब टॉप 5 देशों में शामिल हो चुके हैं।अजरबैजान की कमाई का जरिया
अज़रबैजान की कमाई का मुख्य आधार तेल और प्राकृतिक गैस (Oil & Gas) है, जो देश के कुल निर्यात राजस्व का लगभग 90% और जीडीपी का करीब आधा हिस्सा कवर करता है। हालांकि, सरकार अब अपनी अर्थव्यवस्था को विविधता देने के लिए पर्यटन, कृषि और परिवहन (लॉजिस्टिक्स) जैसे क्षेत्रों पर भारी निवेश कर रही है, जिससे 'नॉन-ऑयल' सेक्टर से होने वाली कमाई में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
