Amitabh Bachchan ने स्टील वायर विनिर्माता डीपी वायर्स लिमिटेड में अपनी करीब एक प्रतिशत हिस्सेदारी 2.48 करोड़ रुपये से अधिक में बेच दी है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर उपलबध आंकड़ों के अनुसार, अमिताभ हरिवंश राय बच्चन ने मध्य प्रदेश स्थित कंपनी के 1,23,622 शेयर बेचे, जो 0.79 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। ये शेयर मंगलवार को औसतन 200.84 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचे गए, जिससे कुल लेनदेन मूल्य 2.48 करोड़ रुपये रहा।
अमिताभ बच्चन
जनवरी-मार्च तिमाही के अंत तक बच्चन के पास डीपी वायर्स में 2.11 प्रतिशत या 3.27 लाख शेयर की हिस्सेदारी थी। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, इस बीच दिग्गज अभिनेता ने 41,566 शेयर 199.90 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर खरीदे, जिसकी कुल कीमत 83.09 लाख रुपये रही। एनएसई पर डीपी वायर्स के अन्य खरीदारों का उल्लेख नहीं किया गया।
कंपनी में अब कितनी बची 'बिग बी' की हिस्सेदारी?
मार्च 2026 के आधिकारिक शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार, अमिताभ बच्चन के पास DP Wires में 2.11 फीसदी हिस्सेदारी थी, जो कि 3,27,590 इक्विटी शेयर्स के बराबर थी। इस बल्क डील (0.79% हिस्सेदारी की बिक्री) के बाद भी कंपनी में उनका एक बड़ा हिस्सा बरकरार है। अमिताभ बच्चन द्वारा हिस्सा घटाए जाने के बाद आज यानी 24 जून को भारी ट्रेडिंग वॉल्यूम के बीच DP Wires का शेयर इंट्रा-डे में 8 फीसदी तक चढ़ गया। पिछले तीन कारोबारी सत्रों से इस स्टॉक में लगातार तेजी देखी जा रही है।
शेयर में क्यों आया उछाल?
मार्केट एक्सपर्ट का कहना है कि आमतौर पर किसी बड़े निवेशक की बिकवाली से शेयर पर दबाव आता है, लेकिन बाजार का रुख कंपनी के बिजनेस, वैल्यूएशन और निवेशकों की मांग पर भी निर्भर करता है। कई बार आंशिक मुनाफावसूली के बावजूद निवेशकों का भरोसा बना रहता है, जिससे शेयर चढ़ सकता है। डीपी वायर्स लिमिटेड के साथ ही ऐसा ही लग रहा है।
