Air India: पिछले कुछ दिनों में टाटा ग्रुप के स्वामित्व वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। दरअसल एयरलाइन में प्रबंधन से संबंधित परेशानियों के चलते कैबिन क्रू सदस्यों का एक वर्ग हड़ताल पर चला गया था और इसकी वजह से एयरलाइन को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा था। माना जा रहा है कि अब एयरलाइन की परेशानियां कम हो रही हैं और एयर इंडिया की उड़ानें बहाल की जा रही हैं। केबिन क्रू यूनियन ने जानकारी देते हुए बताया है कि बिमारी का बहाना देकर छुट्टी पर गए सभी केबिन क्रू सदस्य वापस लौट आये हैं। साथ ही केबिन क्रू यूनियन ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद भी जताया है।
धीरे-धीरे बहाल हो रही हैं फ्लाइट्स, वापस लौट रहा है कैबिन क्रू
एयर इंडिया को हुई परेशानी
केबिन क्रू सदस्यों की इस हड़ताल की वजह से एयर इंडिया एक्सप्रेस को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। रोजाना एयर इंडिया एक्सप्रेस की 380 फ्लाइट्स उड़ानें भारती हैं। इस हड़ताल की वजह से 7 मई 2024 से ही एयरलाइन को कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा था। आज भी अभी तक एयर इंडिया एक्सप्रेस की 20 फ्लाइट की उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। माना जा रहा है कि मंगलवार सुबह तक स्थिति पूरी तरह सामान्य हो सकती है।
कैसे हुई सुलह?
केबिन क्रू सदस्यों की हड़ताल को देखते हुए मुख्य श्रम आयुक्त ने समस्या को सुलझाने के लिए एक बैठक बुलाई थी। एयरलाइन के कर्मचारियों और एयर एक्सप्रेस यूनियन के प्रतिनिधियों ने इस बैठक में हिस्सा लिया था। बैठक के बाद गुरुवार को हड़ताल वापस ले ली गई थी। बैठक के बाद ही एयरलाइन ने केबिन क्रू के 25 सदस्यों को जारी किया गया सेवा समाप्ति पत्र भी वापस ले लिया था।
सॉफ्टवेयर ग्लिच
साथ ही केबिन क्रू यूनियन ने जानकारी देते हुए बताया कि हालांकि सभी कर्मचारी छुट्टी से लौट आये हैं, लेकिन सॉफ्टवेयर ग्लिच की वजह से अभी भी केबिन क्रू सदस्य छुट्टी पर नजर आ रहे हैं। साथ ही यूनियन ने यह जानकारी भी दी है कि आज उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स को 3 दिन पहले ही रद्द कर दिया गया था। रद्द हुई फ्लाइट्स से यात्रा करने वाले यात्रियों को रि-कन्फर्म किया जाएगा ताकि फ्लाइट्स दोबारा उड़ान भर सकें।
(इनपुट:PTI
