मिडिल ईस्ट में बढ़ते सुरक्षा तनाव का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ रहा है। एयर इंडिया ने सऊदी अरब जाने और वहां से भारत आने वाली अपनी सभी फ्लाइट्स का सस्पेंशन 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दिया है। यह फैसला जेद्दा, दम्माम और रियाद के लिए आने-जाने वाली उड़ानों पर लागू होगा। ऐसे में अगर आपने दिसंबर तक इन शहरों की यात्रा के लिए टिकट बुक कराया है तो आपके लिए यह जरूरी खबर है। एयरलाइन प्रभावित यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के टिकट की तारीख बदलने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दे रही है।
14 जनवरी 2027 तक पूरी करनी होगी नई यात्रा
किन यात्रियों को मिलेगा रिफंड और फ्री रीशेड्यूलिंग का फायदा?
एयर इंडिया के मुताबिक, जिन यात्रियों की कन्फर्म टिकट 27 नवंबर 2026 या उससे पहले जारी हुई है और जिनकी यात्रा 31 दिसंबर 2026 तक निर्धारित थी, वे इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। ऐसे यात्रियों के पास दो विकल्प होंगे। पहला, वे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के एक बार अपनी यात्रा की तारीख बदलवा सकते हैं। यह सुविधा सीटों की उपलब्धता पर निर्भर करेगी। दूसरा, अगर यात्री अपनी यात्रा रद्द करना चाहते हैं तो वे पूरे टिकट का रिफंड ले सकते हैं।
14 जनवरी 2027 तक पूरी करनी होगी नई यात्रा
एयर इंडिया ने रीशेड्यूलिंग को लेकर भी कुछ शर्तें रखी हैं। यात्री सऊदी अरब में एयर इंडिया के किसी भी चालू स्टेशन से आने-जाने के लिए अपनी यात्रा की तारीख बदलवा सकते हैं। हालांकि, नई तारीख पर यात्रा 14 जनवरी 2027 तक पूरी करनी होगी। यानी जिन यात्रियों की फ्लाइट रद्द हुई है, वे उपलब्ध सीटों के आधार पर अपनी यात्रा को आगे के लिए टाल सकते हैं। इसके लिए उन्हें एक बार तारीख बदलने की सुविधा मिलेगी।
इंडिगो और अकासा एयर भी रद्द कर चुकी हैं उड़ानें
सऊदी अरब में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए दूसरी एयरलाइंस ने भी अपनी उड़ानों पर रोक लगाई है। इससे पहले एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा से जुड़ी उड़ानों का सस्पेंशन 24 नवंबर तक बढ़ाया था। वहीं, इंडिगो ने 18 नवंबर को सऊदी अरब के शहरों से जुड़ी फ्लाइट्स 30 नवंबर तक रद्द करने का ऐलान किया था। अकासा एयर ने भी रियाद और जेद्दा के लिए अपनी उड़ानें 30 नवंबर तक रद्द की थीं।
क्यों रद्द हो रही हैं सऊदी अरब की फ्लाइट्स?
पश्चिम एशिया में बढ़ते सुरक्षा तनाव के कारण एयरलाइंस को अपने उड़ान संचालन में बदलाव करना पड़ रहा है। सऊदी अरब के शहरों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर हमलों की खबरें सामने आई हैं। यमन के हूती विद्रोहियों ने कई हमलों की जिम्मेदारी ली है, जबकि सऊदी अरब की एयर डिफेंस प्रणाली ने हाल के हफ्तों में मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकने का दावा किया है।
इस बीच सऊदी अरब की यमन में सैन्य कार्रवाई जारी है और हूती विद्रोहियों ने सऊदी बंदरगाहों को निशाना बनाने की धमकी दी है। ऐसे हालात में एयर इंडिया ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सऊदी अरब के लिए उड़ानों का सस्पेंशन बढ़ाने का फैसला किया है।
