वीडियो सिक्योरिटी और सर्विलांस प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी Aditya Infotech, जो ‘CP Plus’ ब्रांड के तहत काम करती है, 29 जुलाई से अपना ₹1,300 करोड़ का आईपीओ (Initial Public Offering) ला रही है। कंपनी ने बताया कि यह इश्यू 31 जुलाई को बंद होगा। शेयरों की कीमत ₹640 से ₹675 प्रति शेयर तय की गई है। आइए आपको डिटेल में इस आईपीओ की सारी जानकारी देते हैं।
कहां इस्तेमाल होगा पैसा?
इस आईपीओ में दो हिस्से हैं, ₹500 करोड़ के नए शेयर जारी किए जाएंगे (Fresh Issue) और ₹800 करोड़ के प्रमोटरों द्वारा शेयर बेचे जाएंगे (Offer for Sale - OFS)। कंपनी नए इश्यू से मिले ₹375 करोड़ का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में करेगी और बाकी पैसा सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। मार्च 2024 तक कंपनी पर करीब ₹405 करोड़ का कर्ज था।
Aditya Infotech, CP Plus ब्रांड के तहत उन्नत वीडियो सिक्योरिटी और सर्विलांस टेक्नोलॉजी मुहैया कराती है। कंपनी इंटरप्राइज और कंज़्यूमर दोनों सेगमेंट के लिए प्रोडक्ट्स और सेवाएं देती है। इसके अलावा, यह सिक्योरिटी-एज-ए-सर्विस और इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी सिस्टम जैसी सेवाएं भी सीधे और अपने डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क के जरिए देती है।
आईपीओ में किसके लिए कितना हिस्सा
75% हिस्सा संस्थागत निवेशकों (QIBs) के लिए आरक्षित है। 15% हिस्सा नॉन-इंस्टिट्यूशनल निवेशकों के लिए है। 10% हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए रखा गया है। ICICI Securities और IIFL Securities इस इश्यू के लीड मैनेजर हैं। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 5 अगस्त को शेयर बाजार में होने की संभावना है।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
