Volvo ने भारतीय बाजार में अपनी नई फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक एसयूवी EX90 लॉन्च कर दी है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1.26 करोड़ रुपये रखी गई है। यह इलेक्ट्रिक SUV 6-सीटर कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध होगी। इसमें 106kWh बैटरी पैक, डुअल इलेक्ट्रिक मोटर और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह एक बार फुल चार्ज होने पर 625 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है।
625Km की दमदार रेंज के साथ Volvo EX90 लॉन्च (Photo: Volvo)
डिजाइन और एक्सटीरियर
Volvo EX90 में सिंपल और एलिगेंट डिजाइन देखने को मिलता है। इसके फ्रंट में बंद ग्रिल, T-शेप LED हेडलैंप और आकर्षक डे-टाइम रनिंग लाइट्स दी गई हैं। SUV में 21-इंच अलॉय व्हील्स और 210mm का ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है। एयर सस्पेंशन की मदद से इसे जरूरत के मुताबिक 250mm तक बढ़ाया जा सकता है। पीछे की तरफ C-शेप LED टेललैंप दिए गए हैं।
इंटीरियर और फीचर्स
EX90 का केबिन प्रीमियम बनाया गया है। इसमें टू-टोन नप्पा लेदर अपहोल्स्ट्री, एल्युमिनियम फिनिश और तीन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील मिलता है। डैशबोर्ड पर 14.5-इंच की टचस्क्रीन और ड्राइवर के लिए 9-इंच का डिस्प्ले दिया गया है।
फीचर्स की बात करें तो इसमें चार-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, 25-स्पीकर Bowers & Wilkins साउंड सिस्टम, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, वायरलेस चार्जिंग, डिजिटल की और 360-डिग्री कैमरा शामिल हैं। SUV में पैनोरमिक सनरूफ और ऑटोमैटिक पार्किंग असिस्टेंस भी मिलता है।
6-सीटर केबिन और बूट स्पेस
भारत में Volvo EX90 केवल छह सीटों के साथ आएगी। दूसरी रो में कैप्टन सीटें दी गई हैं, जिन्हें स्लाइड और रिक्लाइन किया जा सकता है। तीसरी रो में जगह सीमित होने के कारण ये सीटें बच्चों या छोटी यात्राओं के लिए ज्यादा उपयुक्त हैं। तीनों रो के इस्तेमाल पर बूट स्पेस 324 लीटर है, जबकि तीसरी रो फोल्ड करने पर यह 690 लीटर हो जाता है।
दमदार बैटरी और चार्जिंग क्षमता
इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का डुअल-मोटर सेटअप 456bhp की पावर और 670Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह 5.5 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा है।
350kW DC फास्ट चार्जर से बैटरी 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में लगभग 22 मिनट लेती है। वहीं, 11kW AC चार्जर से फुल चार्ज होने में करीब 11 घंटे लगते हैं।
कीमत और मुकाबला
Volvo EX90 की कीमत 1.26 करोड़ रुपये है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Kia EV9 (1.30 करोड़ रुपये) और Mercedes-Benz EQS SUV 580 (1.49 करोड़ रुपये) से होगा।
